बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / शहर में सुनसान मकानों को निशाना बनाकर लगातार हो रही चोरियों के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में एसीसीयू और सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त टीम ने शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी गौरेला का रहने वाला है और बिलासपुर के मंगला क्षेत्र में किराये के मकान में रहकर एसी, फ्रिज और वाशिंग मशीन रिपेयरिंग के बहाने सूने घरों की रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।
पुलिस ने इस मामले में शहर के 300 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले, स्थानीय इनपुट जुटाए और साइबर सेल की मदद से संदिग्ध की पहचान की। जांच में आरोपी की पहचान सूरज कांछी के रूप में हुई, जिसे 27 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह दिन में सूने मकानों की रेकी करता था और रात में ताले तोड़कर चोरी करता था। चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात को वह कटनी के ज्वेलर्स के यहां बेच देता था और रकम को ऑनलाइन जुए में खर्च कर देता था। आरोपी चोरी की रकम को गोल्ड लोन कंपनियों में गिरवी रखकर बैंक खातों में जमा करता था और उससे घरेलू सामान भी खरीदता था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सोना-चांदी के जेवर, नकदी और अन्य सामान सहित कुल लाखों रुपये की संपत्ति बरामद की है। आरोपी ने शहर के विभिन्न इलाकों—नेहरू नगर, नर्मदा नगर, नंदबिहार और अन्य कॉलोनियों में कई वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है।
पुलिस के मुताबिक ऑनलाइन जुए की लत और कर्ज के दबाव ने आरोपी को अपराध की राह पर धकेल दिया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है।

.jpeg)


