गांजा तस्करी: ड्रोन उड़ा तो खुल गया नशे का राज, 5 नाबालिगों समेत 7 गिरफ्तार


बिलासपुर।
  TODAY छत्तीसगढ़  / नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सरकंडा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ड्रोन कैमरे की निगरानी और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने चिंगराजपारा के कुंदरू बाड़ी क्षेत्र में दबिश देकर सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें पांच विधि से संघर्षरत बालक (नाबालिग) भी शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से 6.744 किलोग्राम गांजा और एक धारदार चाकू बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार कुछ दिनों से सूचना मिल रही थी कि चांटीडीह और आसपास के क्षेत्रों में नाबालिग बच्चों के माध्यम से गांजा बेचा जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। टीम ने ड्रोन कैमरे की मदद से क्षेत्र में निगरानी शुरू की और संदिग्ध स्थानों को चिन्हित किया।

इसी दौरान सोमवार सुबह मुखबिर से सूचना मिली कि कुंदरू बाड़ी क्षेत्र में कुछ लोग बड़ी मात्रा में गांजा बेचने और खपाने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मौके पर दबिश दी और सात आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों में कुश यादव उर्फ पप्पू यादव (25) निवासी चिंगराजपारा कुंदरू बाड़ी तथा दीपक साहू (18) निवासी विश्वकर्मा चौक चिंगराजपारा शामिल हैं। इनके अलावा पांच विधि से संघर्षरत बालकों को भी अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6.744 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3.35 लाख रुपये बताई जा रही है। तलाशी के दौरान एक धारदार चाकू भी बरामद हुआ है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट एवं आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गांजा की खेप कहां से लाई गई थी और इसके पीछे सक्रिय मुख्य सरगना कौन है।

मासिक धर्म स्वच्छता पर बनी साइलेंट फिल्म ‘पर Silent’ का पोस्टर लॉन्च


बिलासपुर।
  TODAY छत्तीसगढ़  /  विश्व मासिक स्वच्छता दिवस (वर्ल्ड मेंस्ट्रुअल हाइजीन डे) के अवसर पर महिलाओं के स्वास्थ्य और मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आर्यन फिल्म्स द्वारा निर्मित साइलेंट फिल्म ‘पर Silent’ का पोस्टर बुधवार को लॉन्च किया गया। कार्यक्रम का आयोजन शहर में गरिमामय वातावरण में हुआ।

फिल्म का औपचारिक विमोचन कलेक्टर संजय अग्रवाल, पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत भारत स्काउट्स एंड गाइड्स से जुड़ी पूनम सिंह की उपस्थिति में हुई। इस अवसर पर फिल्म के निर्देशक रामानंद तिवारी और क्रिएटिव डायरेक्टर महेंद्र सूर्यवंशी भी मौजूद रहे।

निर्देशक ने बताया कि फिल्म ‘पर Silent’ मासिक धर्म स्वच्छता, महिला स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों को संवेदनशील और प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करती है। फिल्म का उद्देश्य महिलाओं से जुड़े ऐसे विषयों पर संवाद को बढ़ावा देना है, जिन पर आज भी समाज में खुलकर चर्चा नहीं हो पाती। फिल्म में कृष्णनी तिवारी एवं नरेंद्र सिंह चंदेल ने अभिनय किया है। फिल्म के डीओपी मोहनीश हैं, जबकि पोस्ट प्रोडक्शन का कार्य जीतू स्टूडियो द्वारा किया गया है।

इस अवसर पर टेर्सल हर्ब प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से 500 सेनेटरी पैड का वितरण भी किया गया। उपस्थित अतिथियों ने महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता को लेकर चलाए जा रहे जागरूकता अभियान की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की पहल समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

अतिथियों ने कहा कि फिल्मों जैसे प्रभावी माध्यम के जरिए सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों को लोगों तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है। इससे समाज में जागरूकता बढ़ेगी और महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों पर खुलकर चर्चा का वातावरण तैयार होगा।

RCB की जीत की खुशी बनी खूनी जंग, सड़क पर लहूलुहान मिला युवक

बिलासपुर।  TODAY छत्तीसगढ़  / आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की जीत का जश्न चकरभाठा में खूनी संघर्ष में बदल गया। पटाखे फोड़कर जश्न मना रहे युवक पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या की कोशिश की गई। गंभीर हालत में घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों और एक नाबालिग को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

जानकारी के अनुसार, 31 मई की रात शादाब खान अपने दोस्तों के साथ आशा विहार क्षेत्र में RCB की जीत का जश्न मना रहा था। देर रात के बाद उसका अपने कुछ युवकों से विवाद हो गया। अगले दिन सुबह मोहल्ले के लोगों ने उसे आशा विहार कॉलोनी के सीसी रोड पर लहूलुहान हालत में पड़ा देखा। घायल शादाब के गले पर धारदार हथियार से वार किया गया था। उसके नाक और कान से भी खून बह रहा था। सूचना मिलने पर डायल-112 की मदद से उसे तत्काल सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए चकरभाठा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्धों की पहचान की और आदर्श साहू, चंद्र प्रकाश पाठक, राजा सारथी तथा एक नाबालिग बालक को अभिरक्षा में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने फरार आरोपी आशु पटेल के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। पुलिस के मुताबिक युवक के गले पर गंभीर चोटें आई हैं। मामले में हत्या के प्रयास समेत अन्य गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। 

जनता से बदसलूकी पड़ी भारी: दुर्ग जनपद पंचायत CEO रूपेश पाण्डेय निलंबित

रायपुर।  TODAY छत्तीसगढ़  /  सुशासन तिहार के दौरान शिविर में भाजपा नेता से विवाद करने वाले जनपद पंचायत सीईओ को संभागायुक्त ने सस्पेंड कर दिया। जनता से अशिष्ट व्यवहार करने पर त्वरित कार्यवाही की गई है। संभागायुक्त सत्यनारायण राठौर ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ी कार्रवाई करते हुए छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम 9(1)(क) के तहत दुर्ग जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रूपेश कुमार पाण्डेय को कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही बरतने और आम जनता से अशिष्ट व्यवहार (कदाचरण) करने के कारण तत्काल प्रभाव से निलंबित किया है।

यह कार्रवाई दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह के प्रस्ताव और शासन द्वारा आयोजित सुशासन तिहार के तहत ग्राम थनौद में 29 मई को जन समस्या निवारण शिविर में सीईओ पाण्डेय द्वारा जनता से की गई बदसलूकी के वीडियो क्लिप के आधार पर की गई है। संभागायुक्त द्वारा सीईओ को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। जिसमें सीईओ द्वारा जवाब संतोषजनक नहीं जाने पर छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के तहत निलंबन आदेश जारी किया गया है।

छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम 3 के अनुसार, प्रत्येक शासकीय सेवक को सदैव पूर्ण रूप से सन्निष्ठ रहना, कर्तव्यपरायण रहना और ऐसा कोई भी कार्य नहीं करना अनिवार्य है जो शासकीय सेवक के लिए अशोभनीय हो, तथा नियम 3-क के खण्ड (क) के अनुसार कोई भी शासकीय सेवक अपने पदीय कृत्यों के पालन में अशिष्टता से कार्य नहीं करेगा।

  उक्त कार्यवाही के बाद कलेक्टर द्वारा प्रेषित प्रस्ताव अनुसार व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के लिए जिला पंचायत दुर्ग के प्रभारी सहायक परियोजना अधिकारी  महेन्द्र कुमार जांगड़े को अपने वर्तमान कार्यों के साथ-साथ जनपद पंचायत दुर्ग के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। यह आदेश तत्काल प्रभावशील हो गया है।   

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com