बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की जीत का जश्न चकरभाठा में खूनी संघर्ष में बदल गया। पटाखे फोड़कर जश्न मना रहे युवक पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या की कोशिश की गई। गंभीर हालत में घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों और एक नाबालिग को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, 31 मई की रात शादाब खान अपने दोस्तों के साथ आशा विहार क्षेत्र में RCB की जीत का जश्न मना रहा था। देर रात के बाद उसका अपने कुछ युवकों से विवाद हो गया। अगले दिन सुबह मोहल्ले के लोगों ने उसे आशा विहार कॉलोनी के सीसी रोड पर लहूलुहान हालत में पड़ा देखा। घायल शादाब के गले पर धारदार हथियार से वार किया गया था। उसके नाक और कान से भी खून बह रहा था। सूचना मिलने पर डायल-112 की मदद से उसे तत्काल सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए चकरभाठा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्धों की पहचान की और आदर्श साहू, चंद्र प्रकाश पाठक, राजा सारथी तथा एक नाबालिग बालक को अभिरक्षा में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने फरार आरोपी आशु पटेल के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। पुलिस के मुताबिक युवक के गले पर गंभीर चोटें आई हैं। मामले में हत्या के प्रयास समेत अन्य गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।
