शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 17 लाख की ठगी, साइबर गिरोह के 4 सदस्य गिरफ्तार

बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़  /  रेंज साइबर थाना बिलासपुर ने शेयर ट्रेडिंग के नाम पर ऑनलाइन निवेश का झांसा देकर ठगी करने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय साइबर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके बैंक खातों से देशभर में करोड़ों रुपये की साइबर ठगी के तार जुड़े पाए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, सिविल लाइन थाना क्षेत्र के नर्मदा नगर निवासी एक महिला को शेयर ट्रेडिंग में भारी मुनाफा दिलाने का लालच देकर अलग-अलग किश्तों में 17 लाख 21 हजार 100 रुपये की ठगी की गई थी। शिकायत मिलने के बाद रेंज साइबर थाना ने तकनीकी साक्ष्यों, बैंकिंग ट्रांजेक्शन और एनसीआरपी पोर्टल की मदद से जांच शुरू की, जिसमें एक संगठित साइबर नेटवर्क का खुलासा हुआ।

चार आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में बिहार और छत्तीसगढ़ के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें मुकेश कुमार दास (29), मूल निवासी समस्तीपुर (बिहार), वर्तमान रायपुर, केशव साव निवासी रायगढ़, संदीप कुमार चंद्रा उर्फ विक्की निवासी सक्ती और शिशिर राठौर (35) निवासी सक्ती, वर्तमान रायपुर शामिल हैं।

देशभर में फैला था नेटवर्क

जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी संदीप कुमार चंद्रा के बैंक खाते के खिलाफ गुजरात, तेलंगाना, कर्नाटक और दिल्ली समेत विभिन्न राज्यों में पांच साइबर शिकायतें दर्ज हैं। वहीं मुख्य आरोपी मुकेश कुमार दास के तीन अलग-अलग बैंक खातों में कुल 13 साइबर फ्रॉड शिकायतें दर्ज मिलीं। इनमें इंडसइंड बैंक खाते में तीन, एक्सिस बैंक खाते में छह और इंडियन ओवरसीज बैंक खाते में चार शिकायतें शामिल हैं। इन खातों से जुड़े मामलों में कुल संदिग्ध लेनदेन लगभग 8 करोड़ रुपये का पाया गया है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि मुकेश के खातों में साइबर ठगी से जुड़े करीब 10 लाख रुपये ट्रांसफर हुए थे।

एक करोड़ रुपये से अधिक राशि होल्ड

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी केशव साव के एक्सिस बैंक खाते में लगभग 99 लाख रुपये और आरोपी शिशिर राठौर के खाते में करीब 1 लाख रुपये होल्ड कराया है। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि आरोपियों द्वारा साइबर अपराध से अर्जित रकम को विभिन्न बैंक खातों के जरिए ट्रांसफर और छिपाने का प्रयास किया जा रहा था।

एनसीआरपी पोर्टल से मिले अहम सुराग

राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) से प्राप्त जानकारी में आरोपियों के खातों के विरुद्ध कई राज्यों में शिकायतें दर्ज मिलीं। इससे यह संकेत मिला कि गिरोह ऑनलाइन निवेश, शेयर ट्रेडिंग और हाई-रिटर्न स्कीम के नाम पर लोगों को झांसे में लेकर ठगी कर रहा था।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई

यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, नोडल अधिकारी गगन कुमार तथा थाना प्रभारी प्रसाद सिन्हा के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।

सुशासन तिहार में सियासी घमासान, कांग्रेस नेता और विधायक में तीखी नोकझोंक

बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़  /  जिले के बिल्हा विकासखंड अंतर्गत गोढ़ी गांव में आयोजित सुशासन तिहार के समाधान शिविर में शुक्रवार को उस समय राजनीतिक माहौल गरमा गया, जब कांग्रेस नेता राजेंद्र शुक्ला और बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें प्रशासनिक अधिकारी माहौल को शांत कराने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, समाधान शिविर के दौरान राजेंद्र शुक्ला ने माइक संभालते हुए ग्रामीणों से उनकी समस्याओं और आवेदनों के निराकरण की जानकारी लेना शुरू किया। इस दौरान उन्होंने पेयजल, बिजली, सड़क, खाद-बीज और अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर अधिकारियों से सवाल पूछे। बताया जाता है कि जैसे-जैसे सवाल बढ़ते गए, ग्रामीण भी खुलकर अपनी समस्याएं सामने रखने लगे, जिससे कार्यक्रम का माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया।

‘सुशासन तिहार के नाम पर ढकोसला बंद करो’ के लगे नारे

वायरल वीडियो में राजेंद्र शुक्ला अपने समर्थकों और ग्रामीणों के साथ “सुशासन तिहार के नाम पर ढकोसला बंद करो” के नारे लगाते हुए दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद उन्होंने कार्यक्रम का बहिष्कार कर शिविर स्थल छोड़ दिया।

माइक बंद करने का आरोप

कांग्रेस नेता राजेंद्र शुक्ला ने आरोप लगाया कि जब वे जनता की समस्याओं को लेकर सवाल उठा रहे थे, तब उनका माइक बंद कर दिया गया। उनका कहना है कि समाधान शिविर का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का निराकरण करना है, लेकिन जब उन्होंने जवाब मांगने शुरू किए तो उन्हें बोलने से रोकने की कोशिश की गई। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और नागरिकों को प्रशासन से जवाब मांगने का पूरा अधिकार है और लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता के सवालों को दबाया नहीं जा सकता।

प्रशासन ने संभाली स्थिति

घटना के दौरान मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थिति को संभालने का प्रयास किया। हालांकि, विवाद के बाद शिविर का माहौल पूरी तरह राजनीतिक रंग में रंग गया। फिलहाल इस मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। 


ग्रामीण बनकर पहुंची पुलिस, महुआ शराब की भट्ठी पर मारा छापा

बिलासपुर।  TODAY छत्तीसगढ़  /  जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ‘चेतना विरुद्ध नशा’ अभियान के तहत सीपत पुलिस ने ग्राम धौराकोना में बड़ी कार्रवाई करते हुए 210 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शराब बनाने के उपकरण और बर्तन भी जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 67 हजार रुपये आंकी गई है।

बताया जा रहा है कि सूचना मिलने के बाद पुलिसकर्मी ग्रामीणों की वेशभूषा में गांव पहुंचे, ताकि अवैध कारोबारियों को भनक न लग सके। योजना सफल रही और पुलिस ने शराब तैयार करते समय दोनों आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ लिया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 210 लीटर कच्ची महुआ शराब और शराब निर्माण में उपयोग होने वाले अन्य उपकरण जब्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंचराम धनुहार और बहोरन सिंह धनुहार के रूप में हुई है। दोनों आरोपी सीपत क्षेत्र के ग्राम धौराकोना के रहने वाले हैं। 

आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(1)(क)(च) एवं 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। सीपत पुलिस का कहना है कि अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

प्रेम प्रसंग में पति बना बाधा, पत्नी ने प्रेमी संग रची हत्या की साजिश


बिलासपुर। 
 TODAY छत्तीसगढ़  /  सिरगिट्टी थाना पुलिस ने बहुचर्चित हत्या प्रकरण में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को झारखंड से गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी ने अपनी प्रेमिका और उसके अन्य साथियों के साथ मिलकर महिला के पति की गला घोंटकर और चाकू से वार कर निर्मम हत्या कर दी थी। घटना के बाद आरोपी झारखंड भाग गया था, जिसे तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी सुगड़ टोप्पनो (27 वर्ष) निवासी रंगामाटी, जिला रांची (झारखंड) को झारखंड से गिरफ्तार किया गया है। वह घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था।

मामले में मृतक के भाई ने थाना सिरगिट्टी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी भाभी पूनम लोमड़ा 18 मई को पति विनोद लोमड़ा को राउरकेला में पैसा दिलाने का बहाना बनाकर घर से ले गई थी। 20 मई को अकेले लौटने पर उसने बताया कि विनोद राउरकेला में काम करने रुक गया है।

पुलिस पूछताछ में पूनम ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए बताया कि उसने अपने प्रेमी सुगड़ टोप्पनो और अन्य साथियों के साथ मिलकर विनोद की हत्या की साजिश रची थी। आरोपियों ने विनोद को झारखंड से लोकल ट्रेन में बैठाकर बिलासपुर रेलवे स्टेशन के आगे रेलवे ट्रैक के पास ले गए, जहां 19 मई की सुबह गमछे से गला घोंटने और चाकू से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को रेलवे पटरी किनारे पानी भरे कीचड़ में फेंक दिया गया।

पहले पत्नी गिरफ्तार, अब प्रेमी भी पहुंचा सलाखों के पीछे

घटना सामने आने के बाद पुलिस ने पत्नी पूनम लोमड़ा को तत्काल गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि उसका प्रेमी सुगड़ टोप्पनो फरार हो गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर झारखंड रवाना की गई। तकनीकी जांच और लगातार पतासाजी के बाद पुलिस टीम ने आरोपी को रांची क्षेत्र से हिरासत में लिया और बिलासपुर लाकर विधिवत गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच

पुलिस का कहना है कि हत्या में शामिल अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। प्रकरण से जुड़े सभी पहलुओं पर विवेचना जारी है।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com