रायगढ़। TODAY छत्तीसगढ़ / मरीन ड्राइव स्थित नगर निगम कॉम्प्लेक्स में संचालित आशीष सोलर सॉल्यूशन कार्यालय में तोड़फोड़ और मारपीट के मामले में चक्रधरनगर पुलिस ने चार फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में आयुष राजपूत, आयुष सिंह, प्रथम अम्बूवानी उर्फ करण अम्बूवानी, रोहित सोनी को चक्रधरनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है जिन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार 21 जनवरी की रात करीब 10:30 बजे प्रार्थी रवि गुप्ता उर्फ रविन्द्रनाथ प्रसाद अपने कार्यालय आशीष सोलर सॉल्यूशन में मौजूद थे। इसी दौरान भूख लगने पर वह नीचे स्थित अनूप कैफे में मैगी ऑर्डर करने गए थे। वहीं कुछ युवक शराब के नशे में झगड़ा कर रहे थे। मना करने पर एक युवक ने रवि गुप्ता का कॉलर पकड़कर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। आरोपी ने खुद को अंशु राजपूत का भाई बताते हुए देख लेने की धमकी देकर वहां से चला गया।
कुछ देर बाद आरोपी अपने साथियों के साथ कार्यालय पहुंचे और वहां गाली-गलौज करते हुए तोड़फोड़ तथा मारपीट की। घटना में प्रार्थी घायल हो गया, जिसके बाद उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया। मामले में थाना चक्रधरनगर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहे थे।




