प्रेम प्रसंग में हाई वोल्टेज ड्रामा, युवती ने किया चाकू से हमला, देखें VIDEO

बिलासपुर।  TODAY छत्तीसगढ़  / सकरी थाना क्षेत्र में प्रेम संबंध को लेकर हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। विवाद इतना बढ़ गया कि मामला चाकूबाजी तक पहुंच गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और डायल-112 की टीम को मौके पर पहुंचना पड़ा।

जानकारी के मुताबिक युवक पहले से शादीशुदा है और परिवार से अलग एक अन्य महिला के साथ सकरी स्थित अटल आवास में रह रहा था। दोनों के बीच लंबे समय से संबंध थे और उनके साथ एक छोटी बच्ची भी रह रही थी। बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान युवती ने युवक पर चाकू से हमला कर दिया। 

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को सकरी थाना ले जाया गया। थाना परिसर में घंटों तक समझाइश का दौर चलता रहा। बताया ये भी जा रहा है कि पिछले दिनों दोनों पक्ष कोर्ट पहुंचे, जहां स्टाम्प पेपर पर समझौता करते हुए अलग-अलग रहने की सहमति दी गई थी।

हालांकि समझौते के बाद भी थाना परिसर में काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। युवती द्वारा कथित रूप से हंगामा किए जाने की चर्चा रही। वहीं स्थानीय लोगों के बीच युवती के शराब सेवन को लेकर भी चर्चाएं होती रहीं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। 



शादीशुदा महिला को परेशान करना पड़ा भारी, आरोपी गिरफ्तार


रायगढ़। 
TODAY छत्तीसगढ़  /  महिला थाना रायगढ़ पुलिस ने छेड़छाड़ के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी लम्बोदर भोई को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पीड़िता ने 20 मई को महिला थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने बताया कि उसका विवाह वर्ष 2020 में हुआ था। विवाह से पहले आरोपी लम्बोदर भोई से उसकी बातचीत होती थी, लेकिन शादी के बाद उसने आरोपी से संपर्क समाप्त कर उसका नंबर ब्लॉक कर दिया था।

रिपोर्ट के अनुसार आरोपी अलग-अलग मोबाइल नंबरों से लगातार महिला को कॉल कर परेशान करता रहा। मना करने के बावजूद वह नए नंबरों से संपर्क करने की कोशिश करता था। पीड़िता ने आरोप लगाया कि 18 मई की शाम घर में कोई नहीं होने का फायदा उठाकर आरोपी उसके घर पहुंचा और गलत नियत से छेड़छाड़ करने लगा। महिला के शोर मचाने पर परिवार के सदस्य और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी फरार हो गया। महिला थाना में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 49/2026 के तहत धारा 331(4) और 74 बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर आरोपी की तलाश की गई। पुलिस ने दबिश देकर आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। 

https://www.instagram.com/todaychhattisgarhnews/

पेयजल और खाद वितरण पर भड़के मुख्यमंत्री विष्णु देव, सहायक आयुक्त सस्पेंड


रायपुर।
 TODAY छत्तीसगढ़  /  मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सुशासन तिहार के दौरान गुरुवार को सूरजपुर, कोरिया और एमसीबी जिले का औचक दौरा कर सरकारी योजनाओं और कार्यक्रमों की जमीनी हकीकत का जायजा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ग्रामीणों से आत्मीयता से मिले और उनकी समस्याएं सुनीं।  तीनों जिलों के दौरे के बाद मुख्यमंत्री ने चिरमिरी में अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली, जहां पेयजल समस्या, खराब शालेय परीक्षा परिणाम और खाद वितरण में गड़बड़ी को लेकर उन्होंने अधिकारियों पर नाराजगी जताई।

कोरिया जिले में किसानों को खाद वितरण में अनियमितता पाए जाने पर मुख्यमंत्री ने सहायक आयुक्त एवं सहायक पंजीयक सहकारी संस्थाएं आयुष प्रताप सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के सख्त रुख से बैठक में मौजूद अधिकारियों में हड़कंप की स्थिति रही।

सूरजपुर जिले के ग्राम रामपुर में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से मुलाकात की, तेंदूपत्ता संग्राहक महिलाओं को अपने हाथों से चरण पादुका पहनाई और बच्चों का अन्नप्राशन व नामकरण भी किया। मुख्यमंत्री ने कलेक्टरों को निर्देश दिए कि पेयजल संकट वाले क्षेत्रों में हर हाल में टैंकरों के माध्यम से पानी की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि लापरवाही की स्थिति में संबंधित कलेक्टर सीधे जिम्मेदार होंगे। स्कूलों के खराब परीक्षा परिणाम पर भी मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताते हुए आगामी शिक्षा सत्र के लिए बेहतर कार्ययोजना बनाने और स्कूलों में पढ़ाई व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा उन्होंने बरसात से पहले पेयजल स्रोतों की सफाई और क्लोरीनेशन सुनिश्चित करने, मौसमी बीमारियों से बचाव की तैयारी करने तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के निर्माण कार्य समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा कराने के निर्देश दिए।


शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाला आरोपी दोषी करार, 20 साल की सजा


बिलासपुर। 
 TODAY छत्तीसगढ़  / चौकी बेलगहना पुलिस की उत्कृष्ट विवेचना के चलते नाबालिग बालिका के अपहरण और दुष्कर्म मामले में आरोपी को 20 वर्ष की सश्रम कारावास की सजा सुनाई गई है। मामले में सहायक उप निरीक्षक मोतीलाल सूर्यवंशी की सटीक और त्रुटिरहित विवेचना की सराहना की जा रही है।

जानकारी के अनुसार 13 अप्रैल 2024 को आरोपी रामसागर मानिकपुरी (20 वर्ष), निवासी ग्राम सिलपहरी चौकी बेलगहना थाना कोटा, द्वारा एक नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर अपहरण कर ले जाया गया था। परिजनों की रिपोर्ट पर चौकी बेलगहना में अपराध क्रमांक 636/2024 के तहत धारा 137(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

प्रकरण की विवेचना सहायक उप निरीक्षक मोतीलाल सूर्यवंशी द्वारा की गई। जांच के दौरान पुलिस टीम ने बालिका को तमिलनाडु के शिवपेट क्षेत्र से बरामद किया। विवेचना में सामने आया कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर नाबालिग को भगाया था और उसे डरा-धमकाकर लगातार शारीरिक संबंध बनाता रहा। इसके बाद मामले में धारा 87, 64(2)(ड), 351(3) बीएनएस तथा 4 और 6 पॉक्सो एक्ट की धाराएं जोड़ी गईं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।

ASI मोतीलाल सूर्यवंशी द्वारा त्वरित और मजबूत साक्ष्यों के साथ अभियोग पत्र विशेष न्यायाधीश एफटीसी कोर्ट बिलासपुर में प्रस्तुत किया गया। मामले की सुनवाई के बाद माननीय न्यायालय ने 12 मई 2025 को आरोपी रामसागर मानिकपुरी को विभिन्न धाराओं में दोषी ठहराते हुए 20 वर्ष की सश्रम कारावास एवं अर्थदंड की सजा सुनाई। इस फैसले को पीड़िता को न्याय दिलाने की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है। न्यायालय का फैसला आने के बाद जिले वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने ASI मोतीलाल सूर्यवंशी को कैश रिवार्ड से पुरस्कृत करने का ऐलान किया है। 

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com