जानकी होटल में चल रही थी अवैध शराब बिक्री, मैनेजर गिरफ्तार


रायगढ़।
 TODAY छत्तीसगढ़  /  रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत थाना साइबर और सिटी कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने रामलीला मैदान स्थित जानकी होटल में दबिश देकर अवैध शराब बिक्री का खुलासा किया है। कार्रवाई में होटल मैनेजर को गिरफ्तार कर बड़ी मात्रा में शराब जब्त की गई।

पुलिस के अनुसार सूचना मिली थी कि होटल में अवैध रूप से शराब रखकर बिक्री की जा रही है। नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में साइबर थाना और कोतवाली पुलिस की टीम ने होटल में रेड कार्रवाई की। मौके पर होटल मैनेजर सुरेन्द्र पटेल काउंटर पर मौजूद मिला। पूछताछ में उसने शराब बिक्री करना स्वीकार कर लिया।

तलाशी के दौरान पुलिस ने काउंटर में रखे थैलों से अलग-अलग ब्रांड की बीयर और अंग्रेजी शराब बरामद की। जब्त शराब में सीम्बा बीयर, ग्रांड फादर बीयर, हंटर बीयर, केन बीयर, ब्लेंडर स्प्राइड, सिग्नेचर, मैजिक मोमेंट और ओल्ड हैबिट ब्रांड की शराब शामिल है। पुलिस ने कुल 13.100 बल्क लीटर शराब, जिसकी कीमत लगभग 6,350 रुपये बताई गई है, तथा बिक्री से प्राप्त 500 रुपये नकद जब्त किए हैं। मामले में आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) और 59(क) के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी सुखनंदन पटेल, साइबर थाना प्रभारी विजय चेलक सहित साइबर और कोतवाली पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का मुख्य आरोपी पिंटू हलवाई ने किया सरेंडर


रायगढ़।
 TODAY छत्तीसगढ़  /  रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” का असर अब दिखाई देने लगा है। ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क का मुख्य आरोपी पिंटू हलवाई गुरुवार को खुद पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंच गया और पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी ने स्वीकार किया कि लगातार पुलिस कार्रवाई, तकनीकी जांच और उसके नेटवर्क से जुड़े लोगों की गिरफ्तारी के बाद वह डरकर उत्तराखंड भाग गया था। गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने अपना मोबाइल फोन भी नष्ट कर दिया था, लेकिन बढ़ते दबाव के चलते आखिरकार उसने आत्मसमर्पण करना उचित समझा।

आरोपी ने एसएसपी शशि मोहन सिंह के सामने अपराध से तौबा करते हुए सामान्य जीवन जीने की इच्छा जताई। इस दौरान एसएसपी ने उसे चेतावनी दी कि भविष्य में दोबारा सट्टा या किसी अवैध गतिविधि में शामिल पाए जाने पर कठोर कानूनी कार्रवाई के साथ जिला बदर जैसी कार्रवाई भी की जाएगी। इसके बाद आरोपी को थाना कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। थाना कोतवाली में दर्ज अपराध क्रमांक 237/2026 और 238/2026 के तहत आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपनी पत्नी, भतीजे और अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क संचालित कर रहा था। व्हाट्सऐप कॉलिंग के जरिए ग्राहकों से संपर्क किया जाता था और यूपीआई के माध्यम से रकम का लेन-देन होता था। आरोपी के कब्जे से 2 हजार रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं।

गौरतलब है कि इससे पहले साइबर थाना और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने कई स्थानों पर दबिश देकर आरोपी के नेटवर्क से जुड़े लोगों को गिरफ्तार किया था। कार्रवाई के दौरान मोबाइल फोन, डिजिटल ट्रांजेक्शन रिकॉर्ड, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य, 2.69 लाख रुपये नकद, नोट गिनने की मशीन और महंगे मोबाइल बरामद किए गए थे। मुख्य आरोपी पिंटू हलवाई को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

धारदार हथियार लेकर लोगों को धमकाने वाले आरोपी गिरफ्तार


राजनांदगांव। 
TODAY छत्तीसगढ़  /  सोमनी पुलिस ने ग्राम देवादा में धारदार हथियार लेकर लोगों को डराने-धमकाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है। वहीं सोमनी बाजार चौक में विवाद कर रहे तीन असामाजिक तत्वों को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी दानी राम निर्मलकर के कब्जे से लोहे का चाकूनुमा हथियार बरामद किया गया है। आरोपी ग्राम देवादा में आम लोगों को डराने-धमकाने का प्रयास कर रहा था। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में की गई। थाना प्रभारी अरूण कुमार नामदेव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को पकड़कर न्यायालय में पेश किया। इसी क्रम में सोमनी बाजार चौक में विवाद और हंगामा कर रहे गजेंद्र निषाद, आशिष यादव और खोमू साहू के खिलाफ भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।

पुलिस ने तीनों को बीएनएसएस की धारा 170 के तहत गिरफ्तार कर एसडीएम न्यायालय राजनांदगांव में पेश किया। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

हाईवे पर फर्जी पुलिस बनकर वारदात, चार आरोपी गिरफ्तार


बिलासपुर।
 TODAY छत्तीसगढ़  /  सकरी पुलिस ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर ट्रक चालक से तंबाखू लूटने और रुपये वसूलने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 9 बोरी तंबाखू और घटना में प्रयुक्त ब्रेजा कार जब्त की है। गिरफ्तार आरोपियों में सिद्धार्थ साहू, नारायण साहू, ईस्माईल खान और आनंद साहू उर्फ विक्रांत साहू शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार सुरेंद्र जायसवाल ने थाना सकरी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह ट्रक क्रमांक CG 04 MP 4666 में गेहूं और तंबाखू लोड कर शहडोल से बिलासपुर आ रहा था। इस दौरान हांफा के पास हाईवे ढाबे के नजदीक ट्रक खराब होने पर वह रुका था। प्रार्थी के मुताबिक सुबह करीब 8 बजे ब्रेजा कार क्रमांक CG 10 BD 7204 में पहुंचे कुछ लोगों ने खुद को पुलिसकर्मी बताया और ट्रक से 9 बोरी तंबाखू उतार लिया। आरोपियों ने चालक को जबरन कार में बैठाकर झूठे केस में फंसाने और जेल भेजने की धमकी दी।

इसके बाद चालक को छोड़ने के नाम पर ट्रक मालिक से फोन कर च्वाइस सेंटर के माध्यम से 8 हजार रुपये भी वसूल लिए गए। मामले की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पटेल और सीएसपी निमितेश सिंह परिहार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विजय चौधरी ने टीम गठित कर कार्रवाई की।

पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटी गई 9 बोरी तंबाखू और घटना में प्रयुक्त ब्रेजा कार जब्त कर ली। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com