आरक्षक ने सरकारी राइफल से खुद को मारी गोली, मौत


बीजापुर।
  TODAY छत्तीसगढ़  /  बीजापुर पुलिस के रक्षित केंद्र में पदस्थ आरक्षक दिलीप तेलम ने सोमवार रात अपनी सरकारी राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार घटना रात करीब 8:45 से 9 बजे के बीच की बताई जा रही है। बताया गया कि बीजापुर थाना के सामने अचानक लगातार दो गोलियां चलने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग और पुलिसकर्मी मौके की ओर दौड़े। मौके पर पहुंचने पर आरक्षक दिलीप तेलम बाइक पर मृत अवस्था में पड़े मिले। प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही है।

पुलिस के मुताबिक प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक कारणों से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है। कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

ACB का डबल अटैक, कलेक्ट्रेट का बाबू और ASI घूस लेते पकड़े गए


बिलासपुर। 
TODAY छत्तीसगढ़  /  एंटी करप्शन ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बिलासपुर कलेक्ट्रेट के एक बाबू और सक्ती जिले के चंद्रपुर थाना में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में सरकारी काम और कार्रवाई में राहत देने के बदले रिश्वत मांगी गई थी।

पहली कार्रवाई बिलासपुर कलेक्ट्रेट में हुई, जहां अतिरिक्त न्यायालय जिला दंडाधिकारी कार्यालय में पदस्थ लिपिक विजय पांडेय को 15 हजार रुपए रिश्वत लेते ACB टीम ने गिरफ्तार किया।

जानकारी के अनुसार खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत लगाए गए एक लाख रुपए के जुर्माने को कम कराने के बदले रिश्वत की मांग की गई थी। देवेंद्र कश्यप निवासी कोटा ने इसकी शिकायत ACB से की थी। शिकायत के सत्यापन के बाद टीम ने ट्रैप कार्रवाई कर आरोपी बाबू को रिश्वत की रकम के साथ पकड़ लिया। वहीं दूसरी कार्रवाई चंद्रपुर थाना क्षेत्र में की गई। यहां पदस्थ सहायक उप निरीक्षक एस.एन. मिश्रा को 20 हजार रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया।

बताया जा रहा है कि शिकायतकर्ता शिव प्रसाद बरेठ से मारपीट के एक मामले में कड़ी कार्रवाई से बचाने के एवज में आरोपी ASI ने कुल 40 हजार रुपए की मांग की थी। पहली किश्त के रूप में 20 हजार रुपए पहले ही लिए जा चुके थे। दूसरी किश्त लेते समय चंद्रपुर स्थित गुड्डू ढाबा में ACB टीम ने दबिश देकर आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया। दोनों मामलों में ACB द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पिकनिक के दौरान साथी पर हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार


बिलासपुर। 
TODAY छत्तीसगढ़  / सरकंडा पुलिस ने पिकनिक के दौरान साथी युवक पर हमला करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामूली विवाद के बाद आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए युवक के साथ मारपीट की थी।

पुलिस के अनुसार हरीश महिलांगे अपने दोस्तों के साथ 10 मई 2026 को चिल्हाटी स्थित लीलागर नदी किनारे पिकनिक मनाने गया था। इसी दौरान उसका विवाद सावन साव उर्फ पोल्टू निवासी चूचुहियापारा से हो गया। बताया गया कि खाना कम परोसने की बात को लेकर आरोपी गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर उसने प्रार्थी के साथ मारपीट कर दी, जिससे उसे चोटें आईं।

घटना की शिकायत पर थाना सरकंडा में अपराध क्रमांक 660/2026 के तहत धारा 296, 115(2), 351(3) और 118(1) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

मोबाइल दुकान में चोरी का खुलासा, महिला समेत तीन पकड़े गए

रायगढ़। TODAY छत्तीसगढ़  / धरमजयगढ़ पुलिस ने मोबाइल रिपेयरिंग दुकान में हुई चोरी का खुलासा करते हुए एक महिला आरोपी और दो विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की नगदी और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

जानकारी के अनुसार शांतनु पाल निवासी धरमजयगढ़ कॉलोनी ने 26 अप्रैल 2026 को थाना धरमजयगढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी मोबाइल रिपेयरिंग दुकान का रात में ताला तोड़कर चोरी की गई है। दुकान से ग्राहकों के रिपेयरिंग के लिए रखे मोबाइल, 32 हजार रुपये नकद और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी हो गए थे। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 1 लाख 50 हजार रुपये बताई गई थी।

मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान रात्रि गश्त में पुलिस ने दो संदिग्ध किशोर लड़कों को पकड़कर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने चोरी की घटना में शामिल होना स्वीकार किया और बताया कि वे कविता सिंह राजपूत के संपर्क में थे। पुलिस द्वारा महिला से पूछताछ करने पर उसने भी दोनों बालकों के साथ मिलकर मोबाइल दुकान में चोरी करना स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से 5 हजार रुपये नगद और एक जियो कीपैड मोबाइल बरामद किया। वहीं दोनों विधि से संघर्षरत बालकों से 2-2 हजार रुपये नगद और चोरी के मोबाइल फोन जब्त किए गए। पूछताछ में आरोपियों ने दुकान के गल्ले से 32 हजार रुपये नगदी और कई मोबाइल चोरी करना स्वीकार किया है। आरोपी महिला को जेएमएफसी न्यायालय धरमजयगढ़ तथा दोनों विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड रायगढ़ में प्रस्तुत किया गया है। मामले की जांच जारी है।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com