श्रमिक दिवस पर सुशासन तिहार में श्रमिक परिवारों को मिली आर्थिक सहायता


बिलासपुर ।
 TODAY छत्तीसगढ़  /  श्रमिक दिवस के अवसर पर आयोजित सुशासन तिहार के अंतर्गत श्रमिक परिवारों को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से आर्थिक सहायता प्रदान की गई। योजना से लाभान्वित हितग्राहियों के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई उन्होंने इस योजना का लाभ मिलने पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का आभार जताया।

  श्रम विभाग द्वारा मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना के तहत ग्राम रहंगी की कविता ध्रुव को 20 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। राशि प्राप्त होते ही कविता भावुक हो उठीं। उन्होंने बताया कि उनका परिवार रोजी-मजदूरी कर जीवनयापन करता है, ऐसे में यह सहायता उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इस राशि का उपयोग वह अपनी पढ़ाई में करेंगी। वर्तमान में वह 12वीं कक्षा की छात्रा हैं और यह सहयोग उनके भविष्य को सशक्त बनाने में सहायक होगा। इसी प्रकार ग्राम तेलसरा की प्रीति बंजारे को मिनीमाता महतारी जतन योजना के अंतर्गत 20 हजार रुपये का चेक दिया गया प्रीति के पति सूरज बंजारे ने बताया कि इस राशि का उपयोग बच्चों के पालन-पोषण एवं शिक्षा में किया जाएगा। हितग्राहियों ने इस सहयोग के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की ऐसी योजनाएं उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं।

जनगणना शुरू: घर-घर पहुंच रहे प्रगणक, जिले में 4 हजार से अधिक कर्मी जनगणना में जुटे


बिलासपुर।
 TODAY छत्तीसगढ़  /  राष्ट्रीय जनगणना कार्य का शुभारंभ आज से बिलासपुर सहित प्रदेश के सभी जिलों में हो गया। जनगणना के प्रथम चरण में हाउस लिस्टिंग का कार्य प्रारंभ किया गया है, जिसके अंतर्गत प्रगणक घर-घर पहुंचकर परिवारों से निर्धारित जानकारी एकत्रित कर रहे हैं। यह कार्य पूरे मई माह तक संचालित किया जाएगा।

     कलेक्टर एवं जिले के प्रमुख जनगणना अधिकारी संजय अग्रवाल ने आज बिल्हा तहसील के ग्राम हिर्री पहुंचकर जनगणना कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर प्रगणक श्रीमती अंजुबाला जायसवाल से घर के मुखिया की जानकारी डिजिटल माध्यम से दर्ज कराई। लगभग 5 मिनट में 33 बिंदुओं पर आधारित जानकारी ऑनलाइन पोर्टल में सफलतापूर्वक दर्ज की गई। जनगणना प्रक्रिया पूर्ण होने पर कलेक्टर ने घर के मुखिया श्री रामकृष्णा राजपूत को बधाई देते हुए कहा कि जनगणना देश के विकास और नीति निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि जनगणना कर्मियों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराकर सहयोग करें। 

        कलेक्टर श्री अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि जनगणना में दी गई सभी जानकारियां पूरी तरह गोपनीय रखी जाती हैं। व्यक्तिगत आंकड़ों को किसी व्यक्ति या संस्था के साथ साझा नहीं किया जा सकता तथा यह सूचना के अधिकार अधिनियम के तहत भी उपलब्ध नहीं कराई जाती। इन आंकड़ों का उपयोग केवल शासन की नीतियों एवं योजनाओं के निर्माण में किया जाता है। उल्लेखनीय है कि बिलासपुर जिले में जनगणना कार्य के लिए 4 हजार से अधिक अधिकारी-कर्मचारी तैनात किए गए हैं, जिनमें लगभग 3500 प्रगणक एवं 500 सुपरवाइजर शामिल हैं। इसके पहले पिछले 15 दिन तक लोगों ने स्वगणना कर जानकारी पोर्टल में दर्ज की। जिले में 6 हजार 677 लोगों ने स्व गणना का लाभ उठाया। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री संदीप अग्रवाल, अपर कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी श्री शिवकुमार बनर्जी, तहसीलदार एवं चार्ज अधिकारी श्री राजेंद्र भारत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

पशु चोरी का खुलासा ! 24 घंटे में 5 आरोपी गिरफ्तार


राजनांदगांव।
 TODAY छत्तीसगढ़  /  थाना लालबाग पुलिस ने पशु चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए मवेशी और अन्य सामान समेत कुल 96 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।

जानकारी के अनुसार, प्रार्थी रुस्तम यादव ने 24 अप्रैल 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके मवेशी चरने के लिए गए थे, जिनमें से 2 गाय और 1 भैंस वापस नहीं लौटे। संदेह के आधार पर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को मवेशियों को ले जाते हुए देखा गया।

मामले में थाना लालबाग पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में गठित टीम ने संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3 गाय, 1 भैंस, एक मोटरसाइकिल और 6 हजार रुपये नगद बरामद किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 96 हजार रुपये बताई जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों में किशन यादव (23), तामेश्वर यादव (20), मिनेश यादव (45), समीर यादव (21) और सुनील यदु शामिल हैं। इनमें से दो आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

मेधावी विद्यार्थियों का किया सम्मान, प्रयास विद्यालय के परिणामों की सराहना


बिलासपुर।  
TODAY छत्तीसगढ़  /  कलेक्टर संजय अग्रवाल ने आज प्रयास आवासीय विद्यालय पहुंचकर 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं से मुलाकात की और उनका सम्मान कर उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत संदीप अग्रवालएवं अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

         कलेक्टर ने विद्यार्थियों को मिठाई खिलाकर, गुलदस्ता भेंट कर तथा प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन एवं शिक्षकों के मार्गदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। साथ ही आगामी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। 

        उल्लेखनीय है कि आदिम जाति कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजनांतर्गत प्रयास आवासीय विद्यालय एवं अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या आवासीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में शानदार प्रदर्शन किया है। परीक्षा परिणाम में कक्षा 10वीं के 103 विद्यार्थियों में सभी ने प्रथम श्रेणी में सफलता अर्जित की। कक्षा 10वीं की छात्रा काव्या विकास पैकरा ने 600 में से 587 अंक प्राप्त कर राज्य की प्रावीण्य सूची में 8वां स्थान हासिल किया। वहीं छात्र रोहित साहू एवं मौसमी पटेल ने 600 में से 588 अंक प्राप्त कर प्रावीण्य सूची में संयुक्त रूप से 7वां स्थान प्राप्त किया। 

 विद्यालय के अनेक विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक अर्जित कर संस्था एवं जिले का गौरव बढ़ाया है। इस उपलब्धि को विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के समर्पण एवं विभागीय प्रयासों का परिणाम बताया गया। कार्यक्रम में आदिवासी विकास विभाग के अधिकारी, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com