ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा रैकेट पर बड़ा प्रहार, मास्टरमाइंड देव बंसल गिरफ्तार


रायगढ़। 
TODAY छत्तीसगढ़  /  ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चक्रधरनगर पुलिस और साइबर टीम की संयुक्त कार्रवाई में सट्टा रैकेट के मुख्य आरोपी देव बंसल (21 वर्ष) को रायपुर से गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, यह पूरा नेटवर्क इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप और फोनपे जैसे प्लेटफॉर्म के जरिए संचालित किया जा रहा था, जिसका कनेक्शन कई राज्यों तक फैला हुआ था। इस मामले की शुरुआत 16 फरवरी 2026 को हुई कार्रवाई से हुई, जब पुलिस ने इंडस्ट्रियल एरिया में रेड कर दो आरोपियों को क्रिकेट मैच पर सट्टा खिलाते पकड़ा था। पूछताछ में गगन अग्रवाल और अन्य साथियों के नाम सामने आए, जिसके बाद पुलिस ने नेटवर्क की परतें खोलना शुरू किया।

जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी लगातार ठिकाने बदलकर दूसरे राज्यों में छिपकर सट्टा संचालन कर रहे थे। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी देव बंसल को रायपुर स्थित उसके निवास से गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से आईफोन 16 प्रो जब्त किया गया है, जिसमें ऑनलाइन ट्रांजैक्शन, टिकट और सट्टा नेटवर्क से जुड़े महत्वपूर्ण डिजिटल सबूत मिले हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि इस रैकेट से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान हो चुकी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

मैरिन ड्राइव मारपीट कांड में 9 आरोपी गिरफ्तार, 3 नाबालिग भी हिरासत में


रायगढ़। 
TODAY छत्तीसगढ़  /  मैरिन ड्राइव के पास हुए गंभीर मारपीट मामले में कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों और 3 विधि से संघर्षरत बालकों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास और बलवा जैसी गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

पुलिस के अनुसार, 21-22 अप्रैल की रात को एक शादी समारोह से लौट रहे युवकों का छोटा हाथी वाहन खड़ा करने को लेकर विवाद हो गया। विवाद देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया, जिसमें आरोपियों ने डंडा, लाठी, लोहे की रॉड और बेसबॉल बैट से हमला कर दिया।

हमले में चाहत जैन सहित कई युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनके सिर और जबड़े में चोटें आई हैं। पुलिस ने तत्काल घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया और प्रारंभिक धाराओं में मामला दर्ज किया। बाद में मेडिकल रिपोर्ट में गंभीर चोटों की पुष्टि होने पर पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित अन्य गंभीर धाराएं जोड़ दीं। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी मोहम्मद शेख अफताब सहित अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया। घटना में प्रयुक्त हथियार—बेसबॉल बैट, लोहे की रॉड और डंडे भी पुलिस ने जब्त कर लिए हैं।

ऑपरेशन मुस्कान: लापता बालिका सकुशल बरामद, आरोपी गिरफ्तार


रायगढ़।
 TODAY छत्तीसगढ़  /  नाबालिग बालिका के लापता होने के मामले में रायगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत जूटमिल थाना पुलिस ने बालिका को सकुशल बरामद कर लिया है और उसे बहला-फुसलाकर ले जाकर दुष्कर्म करने के आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, 18 अप्रैल 2026 को परिजनों ने थाना जूटमिल में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग बेटी 17 अप्रैल की रात से लापता है। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और संपर्कों के आधार पर चंद्रपुर निवासी विकास यादव (27 वर्ष) पर संदेह हुआ। पुलिस टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें मामला उजागर हुआ।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी बालिका को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और अपने घर में उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी उसे बस स्टैंड पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 64 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही घटना में प्रयुक्त कार और मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है। 

शांति भंग की आशंका पर बदमाश के खिलाफ कार्रवाई


राजनांदगांव। 
TODAY छत्तीसगढ़  /  क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने एक बदमाश के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम बोरी निवासी चन्द्रशेखर देवांगन (45 वर्ष) द्वारा वाद-विवाद कर शांति भंग करने और अप्रिय घटना की आशंका उत्पन्न करने की जानकारी मिली थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई की। आरोपी के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170, 126 एवं 135(3) के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे माननीय न्यायालय राजनांदगांव में पेश किया गया। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

------------------------- 


© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com