सट्टा पट्टी लिखते आरोपी पर पुलिस का शिकंजा, पुराना बस स्टैंड से गिरफ्तारी


बिलासपुर।
 TODAY छत्तीसगढ़  /  जिले में सट्टा कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत तारबाहर पुलिस ने एक सटोरिये को गिरफ्तार किया है। आरोपी को पुराना बस स्टैंड क्षेत्र से घेराबंदी कर पकड़ा गया।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि हनुमान मंदिर के पास एक व्यक्ति लोगों को लालच देकर अंकों पर सट्टा पट्टी लिख रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार किया।

जांच के दौरान आरोपी के पास से सट्टा पट्टी, 4500 रुपये नगद और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। मोबाइल में व्हाट्सएप के माध्यम से सट्टा से संबंधित लेन-देन के साक्ष्य भी मिले हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 14,500 रुपये बताई गई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुशांत गुलहरे (43 वर्ष) पिता स्व. घनश्याम गुलहरे निवासी टिकरापारा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

मोबाइल टावर से केबल चोरी करने वाला गिरोह पकड़ा, लाखों का सामान बरामद


बिलासपुर। 
TODAY छत्तीसगढ़  /  जिले में मोबाइल टावरों से केबल चोरी करने वाले गिरोह का सीपत पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड भेजा गया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 2.90 लाख रुपये मूल्य का चोरी का सामान बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 19 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम खम्हरिया के सोंठी रोड बाजार के पास कुछ युवक संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त हैं। सूचना पर थाना प्रभारी के निर्देश पर टीम ने घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे पिछले चार-पांच महीनों से एक कार में घूम-घूमकर विभिन्न जिलों में मोबाइल टावरों से कॉपर केबल और एल्युमिनियम तार चोरी कर रहे थे। गिरोह तखतपुर, मुंगेली, कबीरधाम, कोरबा सहित कई क्षेत्रों में सक्रिय था।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर एक क्विंटल से अधिक कॉपर केबल, 54 किलोग्राम प्लास्टिक कोटेड कॉपर वायर, 12 बंडल एल्युमिनियम तार सहित कुल 2 लाख 90 हजार 400 रुपये का सामान जब्त किया है। साथ ही वारदात में प्रयुक्त एक अर्टिगा कार भी बरामद की गई है। गिरफ्तार आरोपियों में शहबाज अली (25), जगदीश कुमार पटेल (24) और मोईउद्दीन (27) शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

सकरी बाईपास पर भीषण टक्कर के बाद ट्रेलर में लगी आग, चालक जिंदा जला


बिलासपुर।
  TODAY छत्तीसगढ़  /  जिले के सकरी बाईपास रोड स्थित संबलपुरी ओवरब्रिज पर रविवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने इलाके को झकझोर कर रख दिया। यहां दो ट्रेलरों के बीच जोरदार टक्कर के बाद लगी आग में एक चालक की दर्दनाक मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ओवरब्रिज पर आगे चल रही ट्रेलर को पीछे से आ रही कोयले से लदी तेज रफ्तार ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पीछे वाले ट्रेलर का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और चालक केबिन में ही फंस गया। वह बाहर निकलने का मौका नहीं पा सका और जिंदा जल गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों ने तुरंत पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी। 

सूचना मिलते ही सकरी थाना पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक चालक की मौत हो चुकी थी। उसका शव केबिन के अंदर बुरी तरह झुलस गया था। फिलहाल पुलिस द्वारा शव को बाहर निकालने की प्रक्रिया जारी है और मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। हादसे के कारण कुछ समय तक मार्ग पर यातायात बाधित रहा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। 


CEIR पोर्टल: 128 गुम मोबाइल लौटाकर रायगढ़ पुलिस ने जीता भरोसा


रायगढ़।
 TODAY छत्तीसगढ़  /  साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और आम नागरिकों की संपत्ति की सुरक्षा के लिए रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। साइबर थाना रायगढ़ की टीम ने गुम एवं चोरी हुए 128 मोबाइल फोन रिकवर कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे हैं।

पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी, साइबर डीएसपी उन्नति ठाकुर, साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक विजय चेलक सहित साइबर टीम की मौजूदगी में मोबाइल वितरण किया गया। 

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में मोबाइल केवल संचार का साधन नहीं, बल्कि बैंकिंग, जरूरी दस्तावेज और व्यक्तिगत जानकारी का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि मोबाइल गुम होने पर तुरंत CEIR पोर्टल पर जानकारी दर्ज करें।

जिले में गुम मोबाइल की शिकायतों के निराकरण के लिए भारत सरकार के दूरसंचार विभाग द्वारा विकसित CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल का उपयोग किया जा रहा है। शिकायत दर्ज होते ही संबंधित सिम को ब्लॉक कर दिया जाता है और मोबाइल को ट्रैकिंग पर रखा जाता है।

साइबर डीएसपी उन्नति ठाकुर के निर्देशन में साइबर थाना प्रभारी विजय चेलक और उनकी टीम लगातार मॉनिटरिंग कर कार्रवाई करती है। टेलीकॉम कंपनियों की सहायता से मोबाइल में नई गतिविधि मिलने पर तत्काल कार्रवाई कर उसे बरामद किया जाता है। 

साइबर टीम ने 128 मोबाइल फोन को सफलतापूर्वक ट्रेस किया। ये मोबाइल बिहार, कोलकाता सहित कोरबा, जांजगीर और रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़, घरघोड़ा, पूंजीपथरा, तमनार, छाल और खरसिया क्षेत्रों में उपयोग में पाए गए। पुलिस ने संबंधित उपयोगकर्ताओं से संपर्क कर मोबाइल वापस प्राप्त किए। बरामद मोबाइल में वीवो, ओप्पो, रेडमी, पोको, रियलमी, वनप्लस, सैमसंग और मोटोरोला जैसे ब्रांड शामिल हैं। इनकी कुल कीमत लगभग 25 लाख 60 हजार रुपये आंकी गई है। 

मोबाइल वापस मिलने पर कई लोग भावुक हो उठे। कुछ ने तो अपने फोन मिलने की उम्मीद ही छोड़ दी थी। मोबाइल पाकर लोगों ने पुलिस टीम का आभार जताया और खुशी जाहिर की। 

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com