डायन बताकर मारपीट, आरोपियों को भेजा गया जेल


बिलासपुर।
 TODAY छत्तीसगढ़  /  जिले के तखतपुर थाना क्षेत्र में टोनही (डायन) बताकर महिला को प्रताड़ित करने के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, 5 अप्रैल 2026 को पीड़िता ने थाना तखतपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके घर के पास एक युवक के गिरने के बाद उसे टोनही कहकर गाली-गलौज की गई और मारपीट की गई। जांच के दौरान आरोपियों द्वारा पीड़िता को टोनही बताकर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने की पुष्टि हुई। इसके आधार पर प्रकरण में टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम 2005 की धाराएं भी जोड़ी गईं। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों देवेन्द्र बघेल और सुमित्रा बाई बघेल को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। 

ACCU: ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का भंडाफोड़, 6 आरोपी गिरफ्तार


रायपुर।
 TODAY छत्तीसगढ़  /  राजधानी में क्रिकेट मैचों पर ऑनलाइन सट्टा और पारंपरिक ‘पट्टी सिस्टम’ के जरिए चल रहे बड़े नेटवर्क का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की कार्रवाई में छह आरोपियों को गिरफ्तार कर 9 लाख से अधिक नगदी सहित करीब 13 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।

पुलिस के अनुसार, गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के गोंदवारा ओवरब्रिज के नीचे ऑनलाइन सट्टा संचालित होने की सूचना मिली थी। पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (नार्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देशन में टीम ने दबिश देकर मौके से राजा साहू और अभय साहू को गिरफ्तार किया।

मोबाइल जांच में सामने आया कि आरोपी ऑनलाइन बैटिंग साइट्स के ‘मास्टर आईडी’ का उपयोग कर सट्टा संचालित कर रहे थे। वे अन्य लोगों को आईडी उपलब्ध कराकर कमीशन लेते थे और कॉलिंग के जरिए मैचों पर दांव लगवाते थे।

पूछताछ के आधार पर पुलिस ने गिरोह के मंजीत सिंह, रोहित मोटवानी, हरीश सकलेचा और आकाश सिन्हा को भी गिरफ्तार किया। मंजीत सिंह के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ऑनलाइन सट्टे के साथ-साथ पारंपरिक ‘पट्टी सिस्टम’ से भी दांव लगवा रहे थे, जिससे बड़े पैमाने पर अवैध कमाई की जा रही थी।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 9,05,238 रुपये नगद, 8 मोबाइल फोन, सट्टा पट्टी, कैलकुलेटर व अन्य सामग्री जब्त की है। कुल जब्त मशरूका की कीमत लगभग 13 लाख रुपये बताई गई है। मामले में थाना गुढ़ियारी में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

अर्पण अभियान: एक माह में 135 मोबाइल बरामद, 20 लाख की संपत्ति लौटाई


बिलासपुर।
 TODAY छत्तीसगढ़  /  गुम हुए मोबाइलों को उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाने के लिए बिलासपुर पुलिस द्वारा चलाया जा रहा “अर्पण” अभियान लगातार सफल साबित हो रहा है। अभियान के तहत एक माह में 135 मोबाइल बरामद कर लगभग 20 लाख रुपये की संपत्ति नागरिकों को लौटाई गई है।

पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक 500 से अधिक गुम मोबाइल उनके स्वामियों को वापस किए जा चुके हैं। शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने स्वयं मोबाइल उनके मालिकों को सौंपे, जिससे नागरिकों के चेहरों पर खुशी लौट आई।

एसीसीयू की तकनीकी टीम एवं जिले के विभिन्न थानों की सीसीटीएनएस टीम ने तकनीकी विश्लेषण और फील्ड सूचना के आधार पर विभिन्न जिलों और राज्यों में सक्रिय मोबाइल उपयोगकर्ताओं का पता लगाकर यह सफलता हासिल की। मोबाइल वापस मिलने पर नागरिकों ने पुलिस की कार्यशैली और त्वरित कार्रवाई की सराहना की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

पहली बार ‘हेलमेट बूथ’ का शुभारंभ, जन-जन तक संदेश पहुंचाने की पहल


बिलासपुर।
 TODAY छत्तीसगढ़  /  सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से जिले में पहली बार “यातायात हेलमेट बूथ” का भव्य शुभारंभ किया गया। यह पहल राज्य स्तर पर भी पहली बार लागू की गई है, जिसे लेकर नागरिकों में उत्साह देखा गया।

छतौना मोड़, हाईकोर्ट रोड स्थित स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर संजय अग्रवाल, पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल सहित कई जनप्रतिनिधि एवं नागरिक संगठनों के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान जरूरतमंद दोपहिया वाहन चालकों को 50 हेलमेट वितरित किए गए। साथ ही यातायात व्यवस्था में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पुलिस जवानों को प्रशस्ति पत्र एवं उपयोगी सामग्री देकर सम्मानित किया गया। 

🚦 सड़क सुरक्षा पर जोर

अधिकारियों ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में सबसे अधिक प्रभावित दोपहिया वाहन चालक होते हैं, जिनमें अधिकांश मामलों में हेलमेट न पहनने के कारण गंभीर चोट या मृत्यु होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए हेलमेट के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए यह पहल शुरू की गई है।

शहर के अन्य स्थानों पर भी लगेंगे बूथ

यातायात विभाग के अनुसार, यह हेलमेट बूथ शहर के प्रमुख एंट्री पॉइंट्स पर स्थापित किए जाएंगे। आने वाले समय में शहर के अन्य नौ स्थानों पर भी ऐसे बूथ लगाए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक सड़क सुरक्षा का संदेश पहुंच सके।

नागरिकों से अपील

कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं नागरिक संगठनों ने आमजन से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें और हेलमेट पहनने को आदत बनाएं, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को कम किया जा सके।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com