बिलासपुर / TODAY छत्तीसगढ़ / सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर को बिलासपुर के पुलिस परेड मैदान में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। आयोजन का मुख्य आकर्षण शाम 7 बजे सवा लाख दीयों का एक साथ प्रज्ज्वलन होगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम की तैयारियां जिला प्रशासन ने पूरी कर ली हैं।
45 सेक्टर में होगी दीप प्रज्ज्वलन की व्यवस्था
सवा लाख दीपों के आयोजन में समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पूरे पुलिस परेड मैदान को 45 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक सेक्टर के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। दीप, तेल और बाती समेत दीप प्रज्ज्वलन से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। प्रवेश और निकास, सुरक्षा, पार्किंग सहित अन्य व्यवस्थाओं को भी अंतिम रूप दिया गया है।
इन वर्गों की रहेगी सहभागिता
आयोजन में महिला एवं बाल विकास विभाग के आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, जिला पंचायत, नगर निगम के सभी 8 जोन, स्वास्थ्य विभाग, आदिवासी विकास विभाग, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, पुलिस विभाग, सहकारी बैंक, खाद्य विभाग और पीएम स्वनिधि योजना के हितग्राही शामिल होंगे।
इसके अलावा शिक्षक, छात्र-छात्राएं, एनएसएस, एनसीसी, स्काउट, वीआईपी, एनजीओ, नगर निगम के जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन और आम नागरिकों के लिए भी अलग-अलग सेक्टर निर्धारित किए गए हैं।
कलेक्टर ने मैदान पहुंचकर देखी तैयारी
कलेक्टर संजय अग्रवाल, नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे और जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल ने पुलिस परेड मैदान पहुंचकर आयोजन की तैयारियों का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने सेक्टरवार व्यवस्था, दीप प्रज्ज्वलन, प्रवेश-निकास, सुरक्षा और पार्किंग समेत अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। संबंधित नोडल अधिकारियों को व्यवस्थाओं को और बेहतर एवं सुव्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर की अपील- हर घर में भी जलाएं दीप
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने जिलेवासियों से सेवा संकल्प अभियान के इस विशेष आयोजन में सक्रिय भागीदारी की अपील की है। उन्होंने कहा कि शाम 7 बजे पुलिस परेड मैदान में सवा लाख दीपों के एक साथ प्रज्ज्वलन के साथ हर घर में भी दीप जलाकर सेवा, संकल्प और एकजुटता का संदेश दिया जाए।
उन्होंने नागरिकों से परिवार, आस-पड़ोस और सामाजिक संगठनों के साथ आयोजन से जुड़ने और अधिक से अधिक संख्या में पुलिस परेड मैदान पहुंचने की अपील की है।


