CG NEWS: TODAY छत्तीसगढ़ / बिलासपुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत बिलासपुर के सरकंडा स्थित शासकीय प्राथमिक शाला लोधीपारा में ‘सेवा सेतु’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समाज कल्याण विभाग और मुख्यमंत्री दिव्याशा केंद्र के सौजन्य से आयोजित शिविर में 200 चिन्हांकित दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को सहायक उपकरण वितरित किए गए।
कार्यक्रम में बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। महापौर पूजा विधानी, पार्षद सरिता परिहार, कलेक्टर संजय अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
व्हीलचेयर से स्मार्टफोन तक मिले उपकरण
शिविर में जरूरत के अनुसार हितग्राहियों को व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र, बैसाखी, स्मार्टफोन, स्मार्ट केन, कमर पट्टा समेत अन्य सहायक उपकरण दिए गए। कार्यक्रम के दौरान एक दिवसीय शिविर लगाकर नए दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों का भी चिन्हांकन किया गया। उनकी जरूरत के आधार पर सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी की गई।
‘आत्मनिर्भरता बढ़ाने में मिलेगी मदद’
मुख्य अतिथि विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सरकार की ओर से विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सहायक उपकरण मिलने से दिव्यांगजनों की गतिशीलता और आत्मनिर्भरता बढ़ाने में मदद मिलेगी। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के तहत इस पहल के लिए शासन के प्रति आभार भी व्यक्त किया।
हितग्राहियों ने जताई खुशी
सहायक उपकरण प्राप्त करने वाले दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों ने इस पहल पर खुशी जताई। हितग्राहियों ने कहा कि जरूरत के अनुसार उपकरण मिलने से रोजमर्रा के कामों में उन्हें सहूलियत मिलेगी। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सौम्या रंजन (PMDK) ने किया। अंत में संयुक्त संचालक समाज कल्याण तिलकेश भावे ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री दिव्यांग सहायता केंद्र और समाज कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद रहे।

