Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

आवास से लेकर सिंचाई और स्वास्थ्य तक, दिशा समिति की बैठक में योजनाओं का हिसाब

विकास कार्यों में देरी बर्दाश्त नहीं, केंद्रीय राज्य मंत्री ने अधिकारियों को दिए निर्देश

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही।  TODAY छत्तीसगढ़  / बिलासपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद और केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने मंगलवार को गौरेला-पेंड्रा-मरवाही कलेक्ट्रेट में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक की। बैठक में केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं तथा जिले में चल रहे विकास कार्यों की विभागवार समीक्षा की गई।

केंद्रीय राज्य मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंचे और निर्माणाधीन परियोजनाएं तय समय-सीमा में पूरी की जाएं। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं करने के भी निर्देश दिए।

महिला स्व-सहायता समूहों के लिए रोजगार पर जोर

ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा के दौरान साहू ने महिला स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने स्थानीय संसाधनों और जिले की संभावनाओं के आधार पर ऐसी कार्ययोजना बनाने को कहा, जिससे महिलाओं की आय में बढ़ोतरी हो सके।

प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा में निर्माणाधीन घरों को जल्द पूरा कराने और हितग्राहियों को जरूरी सहयोग देने के निर्देश दिए गए। व्यक्तिगत और सामुदायिक शौचालयों के लंबित कार्यों को भी प्राथमिकता से पूरा करने को कहा गया।

विष्णुभोग चावल की ब्रांडिंग और बाजार पर जोर

बैठक में जिले की कृषि पहचान को मजबूत करने पर भी चर्चा हुई। केंद्रीय राज्य मंत्री ने विष्णुभोग धान-चावल की उत्पादकता बढ़ाने, प्रसंस्करण को प्रोत्साहित करने और बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के लिए ठोस कदम उठाने को कहा।

उन्होंने जैविक खेती को बढ़ावा देने और किसानों को इसके लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश भी दिए, ताकि स्थानीय कृषि उत्पादों से किसानों की आय बढ़ाई जा सके।

53 हजार हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में खरीफ बोनी

कृषि विभाग के मुताबिक वर्ष 2026 में खरीफ फसल के लिए 58,693 हेक्टेयर का लक्ष्य रखा गया है। इसके मुकाबले अब तक 53,099 हेक्टेयर क्षेत्र में बोनी पूरी हो चुकी है। बैठक में जल संसाधनों की मरम्मत और पुनर्निर्माण के जरिए सिंचाई सुविधाओं के विस्तार पर भी जोर दिया गया।

69 हजार से ज्यादा घरों में पहुंचा नल का पानी

जल जीवन मिशन की समीक्षा में बताया गया कि जिले में 563 योजनाएं स्वीकृत हैं, जिनमें से 245 पूरी हो चुकी हैं। कुल 84,901 घरों को नल कनेक्शन देने के लक्ष्य के मुकाबले 69,808 घरों में कनेक्शन पहुंच चुका है। इनमें 55,800 कनेक्शन क्रियाशील बताए गए हैं।

स्वास्थ्य क्षेत्र में पशुओं के टीकाकरण, कुपोषित बच्चों के पोषण स्तर में सुधार, टीबी उन्मूलन और मलेरिया नियंत्रण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।

24 हजार से ज्यादा लोगों के आयुष्मान कार्ड बनना बाकी

बैठक में बताया गया कि जिले में अब तक 3,16,675 लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं, जबकि 24,248 पात्र लोगों के कार्ड अभी बनना बाकी हैं। मंत्री ने शेष पात्र लोगों के कार्ड जल्द बनाने के निर्देश दिए।

जिले में 839 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं, जहां 23,993 बच्चे दर्ज हैं। बच्चों और गर्भवती महिलाओं को पूरक पोषण आहार दिए जाने की जानकारी भी बैठक में दी गई।

46 हजार से अधिक प्रधानमंत्री आवास पूरे

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जिले में अब तक 46,151 आवास पूरे किए जा चुके हैं। वहीं पीएम जनमन योजना के तहत गौरेला विकासखंड में स्वीकृत 1,080 आवासों में से 865 का निर्माण पूरा हो चुका है। बैठक में यह भी बताया गया कि सामाजिक सहायता कार्यक्रम के तहत 36,924 हितग्राही पेंशन योजनाओं का लाभ ले रहे हैं।

केंद्रीय राज्य मंत्री ने सुशासन तिहार के दौरान सामने आए मामलों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इनमें बड़ी संख्या राजस्व विभाग से जुड़े मामलों की है। उन्होंने कलेक्टर को नक्शा-बटांकन, सीमांकन, नामांतरण और त्रुटि सुधार जैसे लंबित मामलों का शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करने को कहा, ताकि लोगों को छोटे-छोटे कामों के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

स्कूलों में नियमित निरीक्षण पर जोर

सार्वजनिक वितरण प्रणाली की समीक्षा के दौरान उचित मूल्य दुकानों में खाद्यान्न की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। शिक्षा विभाग से कहा गया कि जिला अधिकारी नियमित रूप से स्कूलों का निरीक्षण करें और बच्चों व शिक्षकों की उपस्थिति, पढ़ाई तथा मध्यान्ह भोजन की स्थिति की निगरानी करें।

बोर्ड परीक्षाओं में जिले के परिणाम को बेहतर बनाने के लिए भी विशेष प्रयास करने को कहा गया।

बैठक में कलेक्टर विजय दयाराम के. ने जिले में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी दी। अधिकारियों ने विभिन्न योजनाओं का प्रस्तुतीकरण भी दिया।


प्रमुख आंकड़े

योजना/क्षेत्रस्थिति
वीबी-जी रामजी योजना के जॉबकार्डधारी परिवार64,174
2026-27 में सृजित मानव दिवस9.96 लाख
लखपति दीदी18,148
पूर्ण प्रधानमंत्री आवास46,151
पीएम जनमन के पूर्ण आवास865
पेंशन लाभार्थी36,924
खरीफ में बोनी53,099 हेक्टेयर
आंगनबाड़ी केंद्र839
आंगनबाड़ी में दर्ज बच्चे23,993
बने आयुष्मान कार्ड3,16,675
शेष आयुष्मान कार्ड24,248
जल जीवन मिशन के स्वीकृत काम563
पूर्ण जल जीवन मिशन योजनाएं245
नल कनेक्शन वाले घर69,808

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा