रायपुर । TODAY छत्तीसगढ़ / आमानाका थाना क्षेत्र के डुमरतालाब में शराब के नशे में पत्नी और दोनों बच्चों से मारपीट करने के बाद हथियार लेकर उत्पात मचा रहे आरोपी को पुलिस ने समय रहते पकड़ लिया। डायल-112 और आमानाका पुलिस की तत्परता से संभावित गंभीर घटना टल गई।
पुलिस के अनुसार डुमरतालाब निवासी करीब 40 वर्षीय देवेंद्र सिंह राजपूत शराब के नशे में अपनी पत्नी और दोनों बच्चों के साथ मारपीट कर रहा था। इसके बाद वह हथियार लेकर घर से बाहर निकल गया और क्षेत्र में उत्पात मचाने लगा।
आरोपी के हथियार लेकर घूमने की सूचना मोहल्लेवासियों ने तत्काल डायल-112 को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को समझाकर स्थिति नियंत्रित करने का प्रयास किया। इसी दौरान आरोपी हथियार लेकर भागने लगा।
पुलिस टीम ने उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया और थाना आमानाका लेकर आई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो हथियार बरामद किए हैं।
आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के मुताबिक समय रहते आरोपी को पकड़ लिया गया, जिससे पत्नी, बच्चों और अन्य लोगों को संभावित गंभीर नुकसान से बचाया जा सका।


