Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

नशे में धुत युवक को साथ ले जाकर दो लोगों ने उड़ा ली बाइक, मोबाइल और सोने की बाली

मुक्तिधाम के पास हुई चोरी की वारदात का ख़ुलासा, देवरीडीह और देवरीखुर्द के रहने वाले दो अभियुक्त पुलिस की गिरफ़्त में

TODAY छत्तीसगढ़  /  बिलासपुर ज़िले में तोरवा थाना पुलिस ने एक व्यक्ति के नशे में होने का फ़ायदा उठाकर उसकी मोटरसाइकिल, मोबाइल और सोने की बाली चुराने वाले दो अभियुक्तों को गिरफ़्तार किया है.

पुलिस ने अभियुक्तों के पास से चोरी किया गया शत-प्रतिशत सामान बरामद कर लिया है और दोनों को न्यायिक हिरासत (रिमांड) पर जेल भेज दिया है.

नशे की हालत का उठाया फ़ायदा

तोरवा थाना पुलिस से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, ग्राम ढेका निवासी श्रवण कुमार ने इस मामले में शिकायत दर्ज़ कराई थी. पुलिस के मुताबिक़, यह घटना 27 जून 2026 की है. पीड़ित श्रवण कुमार मुक्तिधाम के पास स्थित शराब दुकान (भट्ठी) के नज़दीक शराब के नशे में था.

इसी दौरान दो अज्ञात व्यक्ति उसके पास आए और उसे अपने साथ कुछ दूर ले गए. पीड़ित के नशे में होने का फ़ायदा उठाते हुए उन्होंने उसकी पल्सर मोटरसाइकिल (CG-10 BN-7932), एक मोबाइल फ़ोन और कान की सोने की बाली निकाल ली और मौक़े से फ़रार हो गए.

तकनीकी साक्ष्यों की मदद से हुई गिरफ़्तारी

होश में आने के बाद जब पीड़ित ने थाने में मामले की रिपोर्ट दर्ज़ कराई, तो थाना प्रभारी निरीक्षक रजनीश सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की. पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की सूचना के आधार पर घटना को अंजाम देने वाले दोनों अभियुक्तों की पहचान कर उन्हें दबोच लिया. गिरफ़्तार अभियुक्तों की पहचान अनीस मसीह (40 वर्ष) और अरुण उर्फ़ गोलू (20 वर्ष) के रूप में की गयी हैं। 

पुलिस की पूछताछ में दोनों ने चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया है. पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी गई पल्सर बाइक, मोबाइल और सोने की बाली ज़ब्त कर ली है. तोरवा पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(3) और 3(5) के तहत एफ़आईआर दर्ज़ कर आगे की वैधानिक कार्रवाई पूरी कर ली है.

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com