Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

ठंडी हवाओं के साथ बढ़ रहा मानसून का जोर, सूरज की गर्मी से मिलेगी राहत, शहर में अगले 4-5 दिन झमाझम बरसेंगे बदरा

बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़  /  बादलों ने छीनी सूरज की तपिश , बिलासपुर पर अब मानसून मेहरबान होगा। जिससे ​ठंडी हवाओं के साथ मानसून का जोर बढ़ रहा है।  मानसून की इस दस्तक के साथ ही सूरज की गर्मी से राहत मिलेगी। शहर में अगले 4-5 दिन झमाझम बारिश के आसार है।

सोमवार की शाम हुई झमाझम वर्षा के बाद मंगलवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहे और शाम को हल्की वर्षा दर्ज की गई। ठंडी हवाओं के  कारण अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस से घटकर 34 डिग्री और न्यूनतम 24.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। राहत की बात यह है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून अब पूरे छत्तीसगढ़ में पहुंच चुका है तथा एक जुलाई से बिलासपुर संभाग में तेज बारिश के आसार बन रहे है।

मंगलवार को दिनभर बदली छाई रही और शाम को हल्की वर्षा हुई। लगातार बादल छाए रहने और ठंडी हवाएं चलने से लोगों को उमस और भीषण गर्मी से राहत मिली। 

मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस से घटकर 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून प्रदेश के सभी हिस्सों में पहुंच गया है। पंजाब से उत्तर बंगाल की खाड़ी तक विस्तारित मौसमी द्रोणिका, दक्षिण उत्तर बंगाल की खाड़ी के ऊपर सक्रिय ऊपरी हवा के चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण तथा तीन जुलाई के आसपास उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में निम्न दाब क्षेत्र बनने की संभावना के कारण मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।

 ग्रामीण इलाकों में प्रतीक्षा

ग्रामीण इलाको में अभी प्रतिक्षा है। कई ग्रामीण क्षेत्रों में वर्षा नहीं होने से किसानों की निगाहें अब एक जुलाई से शुरू होने वाली व्यापक मानसूनी गतिविधियों पर टिकी हैं। अगले कुछ दिनों में वर्षा का दायरा बढ़ेगा और अधिकांश क्षेत्रों में अच्छी वर्षा होने से खरीफ फसलों की बुवाई को गति मिलेगी। प्रदेश में एक साथ कई मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं। यही कारण है कि आने वाले दिनों में वर्षा की तीव्रता और क्षेत्र दोनों में विस्तार होने की संभावना है।

अगले पांच दिनों में मिलेगी राहत 

मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों तक गरज-चमक, अंधड़, वज्रपात और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना जताई है। लोगों को अनावश्यक रूप से खुले स्थानों में जाने से बचने, बिजली कड़कने के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहने तथा मौसम संबंधी चेतावनियों पर नजर रखने की सलाह दी गई है। लगातार बादल छाए रहने से दिन के तापमान में और कमी आने के भी संकेत हैं।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com