Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

घर में छिपाकर रखे थे 21 किलो गांजा, 10 लाख से अधिक का मादक पदार्थ जब्त; एक गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। TODAY छत्तीसगढ़  /  अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चांपा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को 21.1 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजा बिक्री की नकदी भी बरामद की है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 10.55 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन में 5 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली कि चांपा के हनुमान चौक, देवांगन पारा में एक व्यक्ति अवैध रूप से गांजा बेच रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद थाना चांपा पुलिस ने मौके पर दबिश दी। वहां एक युवक कागज की पुड़िया में गांजा बेचते मिला, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान वीरेन्द्र देवांगन (28 वर्ष), निवासी हनुमान चौक, देवांगन पारा, चांपा के रूप में बताई। एनडीपीएस एक्ट के तहत आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने आरोपी के घर की तलाशी ली।

तलाशी के दौरान घर से खाकी टेप से पैक चार पैकेट और दो प्लास्टिक बोरियों में रखा 21.1 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। साथ ही गांजा बिक्री से प्राप्त 10,450 रुपये नकद भी जब्त किए गए।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 357/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।


© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा