बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / जिले में कोयला परिवहन और सप्लाई से जुड़ी बड़ी गड़बड़ी का मामला सामने आया है। उच्च गुणवत्ता का कोयला भेजने के नाम पर निम्न गुणवत्ता का कोयला सप्लाई किए जाने के आरोप में पुलिस ने एक डिपो संचालक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी आशीष केशरी निवासी पेंड्रा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह कोल परिवहन एवं लिफ्टिंग का कार्य करता है। वर्तमान में उसने एसईसीएल रामपुर खदान से ट्रेलर क्रमांक CG 12 S 8901 और CG 04 HX 4888 में जी-6 श्रेणी का उच्च गुणवत्ता वाला कोयला लोड कराकर ब्रज आयरन एंड स्टील लिमिटेड डिघोरा भेजा था।
प्लांट में पहुंचने के बाद केमिस्ट द्वारा कराई गई लैब जांच में कोयले की गुणवत्ता कम पाई गई। जहां कोयले का जीसीवी 5500 से 5800 होना था, वहीं परीक्षण में यह 4203 और 4220 जीसीवी निकला। इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस में की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा और नक्शा तैयार किया गया। यार्ड में मौजूद निम्न गुणवत्ता वाले कोयले का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया, जबकि दोनों ट्रेलरों और कोयले को जब्त कर लिया गया। जांच में डिपो संचालक और कांग्रेस नेता राम कुमार आर्य निवासी चकरभाठा के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर 24 मई को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
इधर हिर्री पुलिस ने कोयला व्यापारी आशीष केसरी से रंगदारी और धमकी देकर पैसे की उगाही करने वाले आरोपी अश्वनी कुमार साहू को त्वरित कार्रवाई करते हुए चंद घंटों में गिरफ्तार कर लिया गया है। कोयला कारोबार से जुड़े इन मामलों में संलिप्त दोनों आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
