मनेंद्रगढ़ । TODAY छत्तीसगढ़ / आदिवासी की जमीन पर कब्जा कर भाजपा कार्यालय बनाए जाने के आरोप को लेकर मनेंद्रगढ़ में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव को काला झंडा दिखाने की तैयारी कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि पूर्व विधायक सहित कई नेताओं को घर में नजरबंद कर प्रशासन विपक्ष की आवाज़ दबाने की कोशिश कर रहा है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि कांग्रेस कार्यालय के लिए भूमि आवंटन की फाइल मनेंद्रगढ़ तहसीलदार द्वारा चार महीने तक दबाकर रखी गई। बाद में जमीन की गलत गणना कर उसका मूल्य 50 लाख रुपये से अधिक दर्शा दिया गया। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि यह सब कांग्रेस को कार्यालय से वंचित करने की नीयत से किया गया, जबकि दूसरी ओर आदिवासी कब्जे की भूमि पर भाजपा कार्यालय निर्माण का रास्ता साफ कर दिया गया।
कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि विवादित भूमि पर भाजपा कार्यालय के भूमिपूजन के लिए स्वयं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव पहुंचे। कांग्रेस का कहना है कि यह सरकार की दोहरी नीति और आदिवासी समुदाय के प्रति उपेक्षा का स्पष्ट संकेत है। पार्टी नेताओं के अनुसार वे आदिवासी जमीन कब्जा मामले में शांतिपूर्ण विरोध की तैयारी कर रहे थे, लेकिन प्रशासन ने पहले ही दमनात्मक कार्रवाई शुरू कर दी।
एनएसयूआई, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस समेत कांग्रेस परिवार के विभिन्न संगठनों के विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस ने बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं को घरों में नजरबंद कर दिया। पूर्व विधायक गुलाब कमरो को भी घर से निकलने नहीं दिया गया। वहीं जिलेभर में कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिए जाने से कांग्रेस ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया है।
