जशपुर / रायपुर। जशपुर जिले में एक मिशनरी स्कूल से रविवार देर रात एक नाबालिग छात्रा की आत्महत्या का मामला सामने आया है, जिसने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। 9वीं कक्षा में पढ़ने वाली 15 वर्षीय छात्रा हॉस्टल के स्टडी रूम में फाँसी के फंदे पर लटकी मिली। घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही बगीचा थाना पुलिस मौके पर पहुँची और जांच शुरू की।
सांकेतिक तस्वीर / TCG NEWS
सुसाइड नोट में प्रिंसिपल पर गंभीर आरोप
छात्रा के पास से बरामद सुसाइड नोट में स्कूल के प्रिंसिपल कुलदीप टोपनो पर गंदी नीयत से छेड़छाड़, अनुचित स्पर्श और मानसिक प्रताड़ना जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। छात्रा ने नोट में लिखा है कि वह लंबे समय से प्रिंसिपल के गलत व्यवहार से परेशान थी। पुलिस ने सुसाइड नोट को सबूत के तौर पर कब्जे में ले लिया है।
सुसाइड नोट में लगाए गए आरोपों के आधार पर पुलिस ने देर रात ही आरोपी प्रिंसिपल को हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक जांच में यह भी उजागर हुआ है कि जिस छात्रावास में छात्रा रह रही थी, वह बिना आवश्यक अनुमति और मान्यता के संचालित किया जा रहा था। पुलिस अब हॉस्टल में रहने वाली अन्य छात्राओं और स्कूल स्टाफ से भी बयान दर्ज कर रही है।
घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोग स्कूल प्रबंधन की लापरवाही और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा के नाम पर चल रहे संस्थानों की नियमित मॉनिटरिंग न होने से ऐसी घटनाएँ सामने आती हैं।
“सुसाइड नोट में लगाए गए आरोप बेहद गंभीर हैं। आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और जांच तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर अन्य धाराएँ भी जोड़ी जाएँगी।”