Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

‘यास', मचा सकता है तबाही , कहाँ होगी भारी बारिश, किन राज्यों में पड़ेगा ज्यादा असर


 बंगाल की खाड़ी में चक्रवात 'यास' बनना शुरू हो चुका है जिसका असर झारखंड और बिहार में नजर आने की संभावना है. सोमवार को तूफान काफी खतरनाक हो सकता है. इस तूफान के 25 एवं 26 मई को पश्चिम बंगाल एवं उड़ीसा के तट से टकराने की उम्मीद है. इधर राजधानी दिल्ली में आज गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान व्यक्त किया गया है. 

उत्तराखंड : चमोली, आसपास भूकंप के हल्के झटके

उत्तराखंड के चमोली जिले और उसके आसपास के क्षेत्रों में भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए. चमोली जिला प्रशासन ने सोमवार को यहां बताया कि रविवार को मध्यरात्रि के बाद आए इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.3 थी जबकि इसका केंद्र जिले के जोशीमठ के समीप 22 किलोमीटर गहराई में था. 

चक्रवाती तूफान में बदला ‘यास', 26 मई को ओडिशा-बंगाल के तटों से गुजर सकता है

बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गहरे दबाव का क्षेत्र चक्रवाती तूफान ‘यास' में बदल गया है और इसके अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान में बदलने के बाद 26 मई को ओडिशा-पश्चिम बंगाल के तटों से गुजरने का अनुमान है.

दिल्ली में सुबह आसमान रहा साफ

राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार सुबह आसमान साफ रहने के साथ ही न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम 21.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दिन में 20 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.

लैंडफॉल करते वक्त हवा की गति 155 से 165 किमी रह सकती है

चक्रवाती तूफान ‘यास’ लैंडफॉल करते वक्त हवा की गति 155 से 165 किमी रह सकती है. कुछ जगहों में यह गति 185 भी रह सकती है. यह बहुत घातक हवा की गति है जिसकी तुलना आप पिछले चक्रवात Tauktae और चक्रवात Amphan से कर सकते हैं. पिछले इन 2 चक्रवातों ने बहुत नुकसान पहुंचाया था.

गृह मंत्री अमित शाह की बैठक 

गृह मंत्री अमित शाह आज वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए ओडिशा, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्रियों और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के उपराज्यपाल के साथ बैठक करेंगे और चक्रवात यास को लेकर तैयारियों की समीक्षा करेंगे. 

चक्रवाती तूफान 26 मई की शाम तक पारादीप और सागर दीप तटों से टकरा सकता है

बंगाल की खाडी में बना कम दबाव का क्षेत्र सोमवार को यानी आज चक्रवाती तूफान ‘यास’ में बदलकर तट की ओर बढेगा. यह चक्रवाती तूफान 26 मई की शाम तक पारादीप और सागर दीप तटों से टकरा सकता है. भारतीय मौसम विभाग की ओर से यह जानकारी दी गई है. 

दिल्ली, उत्‍तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़ और राजस्‍थान में धूल भरी हवाएं

मौसम विभाग के अनुसार यास तूफान के इस प्रभाव के कारण दिल्ली, उत्‍तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़ और राजस्‍थान के अधिकांश हिस्‍सों में अगले 3 दिन तक धूल भरी हवाएं चल सकतीं हैं जिसकी रफ्तार 25 से 35 किमी प्रति घंटा होगी. 

अगले 24 घंटे में गंभीर चक्रवाती तूफान

मौसम विभाग की मानें तो यास नाम का यह चक्रवाती तूफान 26 मई को पश्चिम बंगाल, ओडिशा और बांग्‍लादेश के तटीय इलाकों पर पहुंचेगा. इस समय बंगाल कर खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बन चुका है. यह उत्‍तर-उत्‍तर पश्चिम की ओर बढ़ रहा है और सोमवार को इसके चक्रवाती तूफान में बदलने के आसार नजर आ रहे हैं. इसके बाद अगले 24 घंटे में यह बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्‍दील हो सकता है. 

बिहार में नजर आयेगा यास का असर

इसी हफ्ते अरब सागर में आये ताउते तूफान के बाद बिहार पर अब सुपर सायक्लोन यास की मार पड़ने जा रही है़ यास का असर ताउते की तुलना में ज्यादा होगा़. 25 मई की देर शाम से पूरे प्रदेश में बारिश और आंधी के आसार हैं. साथ ही बज्रपात की आशंका है़ इसका सबसे ज्यादा असर उत्तर पूर्वी बिहार पर पड़ने की आशंका है़.

झारखंड का मौसम

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 25 मई को राजधानी रांची सहित झारखंड के दक्षिण-पूर्वी जिलों में तेज हवा और बारिश हो सकती है. 26-27 को राज्य के लगभग सभी हिस्सों में मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है. कहीं-कहीं वज्रपात हो सकता है. इसको लेकर विभाग ने अलर्ट भी जारी किया है. 

बंगाल में यास का प्रभाव

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बंगाल की पूर्व-मध्य खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना व्यक्त की है. इससे चक्रवात की संभावना जतायी गयी है. यहां बनने वाले चक्रवात का नाम 'यास' दिया गया है. साथ ही यह भी संभावना जतायी गयी है कि चक्रवात तूफान में तब्दील हो सकता है. भारत मौसम विज्ञान विभाग की प्रभारी सुनीता देवी ने बताया है कि पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है.

उत्तर और दक्षिण गोवा में गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना

भारत मौसम विज्ञान विभाग का कहना है कि 24 मई को उत्तर और दक्षिण गोवा में अलग-अलग स्थानों पर गरज के साथ गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है. 

बदलेगा यूपी का मौसम

ताउते के बाद अब बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहा चक्रवात तूफान यास उत्तर प्रदेश का मौसम बदल देगा. आने वाले 48 घंटों में प्रदेश में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार हैं. मई के इस तरह से बदलते मौसम को देखते हुए लोग कयास लगा रहे हैं कि इस बार मानसून जल्द आ सकती है लेकिन मौसम विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि समय से पहले मानसून नहीं आएगा.

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा