राजनांदगांव। TODAY छत्तीसगढ़ / डोंगरगढ़ पुलिस ने गुपचुप ठेला संचालक और उसके पुत्र के साथ मारपीट कर धारदार वस्तु से हमला करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 21 मई को नाकापार पेट्रोल पंप स्थित आरा मिल के पास गुपचुप ठेला लगाने वाले प्रार्थी के पास आरोपी श्याम राज साहू पिता राजेश साहू और उसका साथी साजन कुमार कंसकारा पिता गंगाराम कंसकारा पहुंचे। दोनों ने 10 रुपये में पेट भर गुपचुप खिलाने की बात कही।
प्रार्थी द्वारा इतनी कम कीमत में गुपचुप नहीं मिलने की बात कहने पर दोनों आरोपी भड़क गए। आरोप है कि उन्होंने अश्लील गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दी और अपने पास रखी नुकीली धारदार वस्तु से हमला कर दिया। हमले में ठेला संचालक के कान के पीछे और पीठ-कमर में चोट आई। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके पुत्र पर भी आरोपियों ने हमला कर दिया, जिससे उसके कान, कंधे और हाथ में चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही डोंगरगढ़ पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी साजन कंसकारा के खिलाफ पूर्व में भी थाना डोंगरगढ़ में एनडीपीएस एक्ट और मारपीट से जुड़े मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 296, 118(1), 351(2) और 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई कर आगे की जांच शुरू कर दी है।



