पुलिस ने 98 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की, चार आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़।  TODAY छत्तीसगढ़  /  रायगढ़ पुलिस द्वारा अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई की गई। पुलिस ने तमनार, भूपदेवपुर और चक्रधरनगर क्षेत्र में छापेमारी कर कुल 98 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त करते हुए चार आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।

तमनार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम सारसमाल कुधरी भदरा खेत के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब बिक्री के लिए रखा हुआ है। सूचना पर थाना प्रभारी प्रशांत राव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दबिश दी। कार्रवाई के दौरान आरोपी परमानंद उरांव को पकड़ा गया। उसके कब्जे से अलग-अलग जरीकेनों और प्लास्टिक डिब्बों में भरी कुल 60 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई।

भूपदेवपुर पुलिस ने ग्राम किरीतमाल में दबिश देकर आरोपी गंगाधर सिदार के कब्जे से दो जरीकेनों में भरी 8 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की। आरोपी शराब रखने के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने उसके खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) और 59(क) के तहत कार्रवाई की।

चक्रधरनगर पुलिस ने बालसमुंद मोहल्ला में अवैध शराब बिक्री की शिकायत पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान आरोपी रेखा कुजूर के कब्जे से 20 लीटर कच्ची महुआ शराब और शराब बनाने में प्रयुक्त सिल्वर पात्र जब्त किया गया। वहीं दूसरी कार्रवाई में आरोपी दुर्गावती यादव के कब्जे से 10 लीटर महुआ शराब बरामद की गई। दोनों महिलाओं के खिलाफ अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

DMF शासी परिषद की बैठक, 150 करोड़ की वार्षिक कार्य-योजना का अनुमोदन


बिलासपुर। 
 TODAY छत्तीसगढ़  /  कलेक्टर संजय अग्रवाल की अध्यक्षता में जिला खनिज संस्थान न्यास की शासी परिषद की बैठक मंथन सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में 150 करोड़ रूपए राशि की वित्तीय वर्ष 2026-27 की नवीन वार्षिक कार्य-योजना का सर्वसम्मति से अनुमोदन किया गया। बैठक में विधायक धरमलाल कौशिक, धर्मजीत सिंह, सुशांत शुक्ला,  दिलीप लहरिया, अटल श्रीवास्तव, जिला पंचायत अध्यक्ष  राजेश सूर्यवंशी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक  रजनेश सिंह, नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे, जिला पंचायत सीईओ  संदीप अग्रवाल, एसडीएम श्रीमती आकांक्षा त्रिपाठी सहित शासी परिषद के सदस्य एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।     

   बैठक में जिले के विकास के लिए प्रस्तुत प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा कर अनुमोदन दिया गया। जिसमें प्रमुख रूप से जिले में पेयजल से संबंधित कार्याें के लिए 5 करोड़ 60 लाख रूपए, स्वास्थ्य सेवा को प्रभावी बनाने के लिए 16 करोड़, शिक्षा के लिए 31 करोड़ 64 लाख रूपए जिसमें महाविद्यालयों में शेड निर्माण, शिक्षा सेंटर के लिए शेड निर्माण, स्कूलों में आवश्यकतानुसार कक्ष एवं शेड निर्माण सहित अन्य कार्य शामिल है। महिला एवं बाल कल्याण के लिए 6 करोड़ का प्रावधान किया गया है। पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण के लिए 11 करोड़, वृद्ध एवं दिव्यांगजन कल्याण के लिए 10 करोड़ 35 लाख रूपए, कौशल विकास के लिए 8 करोड़ सहित अन्य कार्याें का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा बैठक में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक-एक सियान सदन, पुलिस विभाग को दुर्घटनाग्रस्त व्यक्तियों को तत्काल अस्पताल पहुँचाने के लिए तीन एम्बुलेंस, शहर के घनी आबादी वाले क्षेत्र गोल बाजार और नेहरू चौक से कोर्ट परिसर तक अंडरग्राउण्ड बिजली व्यवस्था, मल्हार मंदिर परिसर में शेड निर्माण, पुलिस ग्राउण्ड के मुख्य मंच का कायाकल्प, मंगला, तिफरा, उस्लापुर और बहतराई में मुक्तिधाम, सभी विकासखण्डों के चुनिंदा ग्राम पंचायतों में मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र, ट्रैफिक नियंत्रण के लिए हाइड्रा वाहन आदि विकास कार्याें के प्रस्ताव का अनुमोदन किया गया। 

मृत जवान के माता-पिता से 11 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार


राजनांदगांव।
  TODAY छत्तीसगढ़  /  बसंतपुर पुलिस ने मृत एसएसबी जवान के वृद्ध माता-पिता से 11 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी ने विभागीय अधिकारियों और बैंक कर्मचारियों को पैसा देने का झांसा देकर वृद्ध दंपत्ति को अपने जाल में फंसाया था।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी योगराज साहू निवासी ग्राम बिटाल, हाल सृष्टि कॉलोनी बसंतपुर है। आरोपी से 1 लाख रुपये नगद रकम भी जब्त की गई है। जानकारी के मुताबिक प्रार्थी ने थाना बसंतपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका पुत्र वरुण कुमार साहू सीमा सुरक्षा बल (SSB) में पदस्थ था और जम्मू-कश्मीर में तैनात था। 12 सितंबर 2025 को अवकाश के दौरान सड़क दुर्घटना में उसकी मौत हो गई थी। मृत जवान की मृत्यु के बाद विभागीय सहायता राशि के रूप में प्रार्थी के खाते में 10 लाख रुपये और उनकी पत्नी के खाते में 19.25 लाख रुपये जमा हुए थे।

इसी दौरान मृतक के साढ़ू भाई योगराज साहू ने वृद्ध माता-पिता को विश्वास में लेकर बैंक पहुंचाया और खातों से कुल 15 लाख रुपये निकलवाए। आरोपी ने एसएसबी अधिकारियों और बैंक कर्मचारियों को पैसा देने का झांसा देकर 11 लाख रुपये अपने पास रख लिए और केवल 4 लाख रुपये वापस किए। मामले में थाना बसंतपुर में धारा 318(4) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।

पुलिस ने 5 किलो गांजा के साथ दो तस्करों को किया गिरफ्तार

राजनांदगांव।  TODAY छत्तीसगढ़  /  घुमका पुलिस ने मादक पदार्थ गांजा के अवैध परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग दो मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 5 किलोग्राम गांजा और परिवहन में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल जब्त की हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में दीपक पटेल निवासी भटगांव और देव कुमार साहू निवासी पटेवा शामिल हैं।

जानकारी के मुताबिक पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो अलग-अलग व्यक्ति काले रंग की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से अवैध रूप से गांजा परिवहन कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में थाना घुमका पुलिस की अलग-अलग टीमों ने गोपालपुर-गिधवा रोड और हरडुवा क्षेत्र में मोबाइल चेक पोस्ट लगाकर वाहनों की जांच शुरू की। चेकिंग के दौरान मुखबिर के बताए हुलिए की मोटरसाइकिल आते दिखाई दी। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।

तलाशी लेने पर पहले आरोपी की बाइक की डिक्की में रखे थैले से दो पैकेटों में करीब 2 किलो 58 ग्राम गांजा बरामद हुआ। वहीं दूसरे आरोपी के पीठ्ठू बैग से दो पैकेटों में करीब 2 किलो 946 ग्राम गांजा मिला। जब्त गांजा की कुल कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने गांजा परिवहन में प्रयुक्त दो हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त की हैं। कुल जब्त मशरूका की कीमत करीब 1 लाख 90 हजार रुपये आंकी गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना घुमका में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b)(ii)(b) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com