बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / पुलिस ने उर्स त्यौहार के दौरान संदल जुलूस में चाकू और धारदार हथियार लहराकर आम लोगों को भयभीत करने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक बड़ा चाकू और एक चापड़नुमा हथियार जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में हर्ष खांण्डे निवासी तारबहार और अब्दुल अजीम खान निवासी तालापारा शामिल हैं। दोनों के खिलाफ धारा 25 और 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
जानकारी के मुताबिक उर्स त्यौहार के अवसर पर घोड़ादाना स्कूल तारबहार से संदल की एक टोली चादर लेकर निकली थी। पुलिस लाइन के पास डांस के दौरान पैर टकराने को लेकर विवाद हो गया। इसी दौरान आरोपी हर्ष खांण्डे हाथ में चाकू लेकर लहराने लगा और लोगों को डराने लगा। पुलिस के पहुंचने पर आरोपी मौके से फरार हो गया था। बाद में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच और खोजबीन के आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
वहीं दूसरी घटना में तालापारा सिविल लाइन से निकली संदल टोली के दौरान मगरपारा चौक के पास आरोपी अब्दुल अजीम खान हाथ में धारदार चाकू लहराते हुए पकड़ा गया। पुलिस ने मौके पर ही उसे हिरासत में लेकर कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक लोहे का बड़ा धारदार चाकू और एक चापड़नुमा हथियार जब्त किया है।
बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों में शांति भंग करने और आम लोगों को डराने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पेट्रोलिंग और निगरानी लगातार की जा रही है।



