ट्रांसपोर्ट नगर में बुलेट सवार बदमाशों का आतंक, लूट और मारपीट के दो आरोपी गिरफ्तार


बिलासपुर। 
 TODAY छत्तीसगढ़  / चकरभाठा पुलिस ने ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में लूट और मारपीट की वारदात को अंजाम देने वाले बुलेट सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक बुलेट मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की गई है। मामले में एक अन्य आरोपी अब भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार 29 अप्रैल 2026 की रात ट्रक ड्राइवर सोनू बाजरा ट्रांसपोर्ट नगर स्थित साहू ढाबा से खाना खाकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान बिना नंबर की बुलेट मोटरसाइकिल में सवार तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया और मोबाइल फोन तथा पांच हजार रुपये लूटकर फरार हो गए।

इसके कुछ दिन बाद 4 मई को उसी क्षेत्र में गुलशन साहू के साथ आरोपियों ने लोहे की रॉड और बुलेट की चाबी से मारपीट कर दी। घटना में युवक को चोटें आईं। दोनों मामलों में थाना चकरभाठा में अलग-अलग एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और हुलिए के आधार पर पुलिस ने दबिश देकर दो आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर दोनों वारदातों को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में राहुल साहू निवासी सिरगिट्टी और एक विधि से संघर्षरत बालक शामिल है। पुलिस ने आरोपियों से एक मोबाइल, 3700 रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल जब्त की है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

नोट गिनने की मशीन और आईफोन के साथ सटोरिये गिरफ्तार


रायगढ़। 
 TODAY छत्तीसगढ़  / आईपीएल सीजन के दौरान ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे पर शिकंजा कसते हुए रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। साइबर थाना और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर के तीन अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर पांच सक्रिय सट्टा खाईवालों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 2.70 लाख रुपये नकद, नोट गिनने की मशीन, महंगे मोबाइल फोन समेत लगभग 4.70 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा सीएसपी मयंक मिश्रा और डीएसपी साइबर उन्नति ठाकुर के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क के डिजिटल लेनदेन और तकनीकी साक्ष्य भी जुटाए हैं।  

ऑफिस में चल रहा था सट्टा

पहली कार्रवाई में पुलिस ने कोतरारोड़ बायपास स्थित आर.एस. ट्रेडिंग कंपनी के कार्यालय में दबिश दी। यहां साकेत सिंघानिया को मोबाइल फोन के जरिए आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित करते पकड़ा गया। जांच में मोबाइल से बेटिंग आईडी, व्हाट्सएप चैट, यूपीआई लेनदेन और अन्य डिजिटल साक्ष्य मिले। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से विवो मोबाइल और आईफोन-13 प्रो जब्त किया।

राशन दुकान से संचालित था नेटवर्क

दूसरी कार्रवाई में पुराना पंजाब नेशनल बैंक के पास एक राशन दुकान में चल रहे ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का खुलासा हुआ। पुलिस ने मौके से रितेश डालमिया को गिरफ्तार किया। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने चांदमारी क्षेत्र में दबिश देकर रौनक मोदनवाल और उसकी पत्नी प्रियंका हलवाई को हिरासत में लिया। आरोपियों के पास से आईफोन, विवो और सैमसंग मोबाइल, 2.69 लाख रुपये नकद तथा नोट गिनने की मशीन बरामद की गई।

किराए के मकान से ऑनलाइन बेटिंग

तीसरी कार्रवाई में संजय मैदान रामभांठा क्षेत्र स्थित किराए के मकान में पुलिस ने प्रदीप कुमार पाण्डेय को गिरफ्तार किया। उसके मोबाइल फोन में क्रिकेट गुरु एप, फोन-पे ट्रांजेक्शन और ऑनलाइन सट्टे से जुड़े रिकॉर्ड मिले। पुलिस को करीब 89 हजार रुपये के डिजिटल लेनदेन के प्रमाण भी प्राप्त हुए हैं।

पुलिस के मुताबिक, फरार आरोपी पिंटू हलवाई की तलाश जारी है। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

वाहन रजिस्ट्रेशन के नाम पर लाखों की ठगी, फरार आरोपी गिरफ्तार


रायगढ़।
  TODAY छत्तीसगढ़  /  पुलिस ने वाहन रजिस्ट्रेशन के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले फरार आरोपी को जगदलपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से पुलिस से बचता फिर रहा था।

पुलिस के अनुसार, चक्रधरनगर थाना क्षेत्र निवासी राकेश कुमार नागवानी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वर्ष 2021 में उन्होंने विभिन्न फायनेंस कंपनियों की नीलामी से करीब 50 वाहन, कार, ट्रैक्टर और जेसीबी मशीन खरीदी थीं। इन पुराने वाहनों का रजिस्ट्रेशन कराने के नाम पर आरोपी अजय कुमार पिल्लई उर्फ अज्जु पिल्लई और उसके साथी विपिन साहू ने स्वयं को आरटीओ एजेंट बताकर उनसे संपर्क किया।

आरोपियों ने वाहन पंजीयन शुल्क जमा कराने के नाम पर अलग-अलग माध्यमों से करीब 6 लाख 93 हजार रुपये ले लिए। बाद में कुछ वाहनों के दस्तावेज दिए गए, लेकिन जांच में पता चला कि वाहन प्रार्थी के नाम पर पंजीकृत ही नहीं किए गए थे। जब पीड़ित ने आरटीओ कार्यालय में जानकारी ली तो पूरे फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। जांच में यह भी सामने आया कि शिकायत के बाद आरोपी ने रकम लौटाने के लिए दो चेक दिए थे, जिनमें से एक बाउंस हो गया जबकि दूसरे में गलत जानकारी दी गई थी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन तलाश” के तहत फरार आरोपियों की धरपकड़ के दौरान पुलिस ने आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर जगदलपुर में दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर रायगढ़ लाया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

37 बकरी-बकरा चोरी: दुकान में काटकर बेच रहा था आरोपी


बिलासपुर। 
 TODAY छत्तीसगढ़  /  चकरभाठा थाना क्षेत्र के ग्राम सेवार और ग्राम सारधा में हुई 37 नग बकरी-बकरा चोरी मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले में तीसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जो चोरी के बकरों को खरीदकर अपनी दुकान में काटकर बेच रहा था।

पुलिस के अनुसार, 15 मार्च 2026 को ग्राम सेवार और ग्राम सारधा से कुल 37 नग बकरी-बकरा चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। मामले में पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है। विवेचना के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि चोरी के बकरों को खरीदकर बिक्री करने में एक अन्य आरोपी भी शामिल है।

सूचना के आधार पर पुलिस ने रहीस उर्फ टीर्रू उर्फ मुंडा खान (25 वर्ष) निवासी चिल्हाटी धनुहार मोहल्ला, थाना सरकंडा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने 10 नग बकरी-बकरा खरीदकर अपनी दुकान में काटकर बेचने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, बकरा-बकरी काटने के औजार, तराजू तथा बिक्री की रकम सहित करीब 63 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।

इस मामले में पहले गिरफ्तार आरोपियों में हेमराज उर्फ हेमू उर्फ राहुल साहू और नजीर खान उर्फ मजीद खान शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि प्रकरण में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com