नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में बड़ी सफलता: मुख्यमंत्री से उपमुख्यमंत्री शर्मा की मुलाकात


रायपुर। 
 TODAY छत्तीसगढ़  /  छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने नवा रायपुर स्थित उनके निवास कार्यालय में आज औपचारिक मुलाकात की। यह मुलाकात राज्य में नक्सलवाद के खिलाफ अभियान में मिली हालिया सफलता के संदर्भ में हुई।

इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री को इस उपलब्धि पर बधाई दी और उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि नक्सलमुक्त छत्तीसगढ़ अब विकास, विश्वास और समृद्धि के नए दौर की ओर बढ़ रहा है। उनके अनुसार, नक्सलवाद लंबे समय तक राज्य के विकास में बाधा बना रहा, विशेष रूप से बस्तर क्षेत्र इससे सबसे अधिक प्रभावित रहा।

उन्होंने कहा कि अब हालात तेजी से बदल रहे हैं और नक्सल प्रभावित इलाकों में विकास की गतिविधियां तेज हो रही हैं। मुख्यमंत्री के मुताबिक, बस्तर सहित पूरे प्रदेश में शांति और सुरक्षा का माहौल बन रहा है, जिसका असर आम लोगों के जीवन में भी दिखाई देने लगा है।

मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि का श्रेय देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को दिया। उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व और रणनीति के कारण राज्य में सुरक्षा स्थिति में सुधार हुआ है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने नक्सल विरोधी अभियानों में जान गंवाने वाले सुरक्षाबलों के जवानों को श्रद्धांजलि भी दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता उनके साहस और बलिदान का परिणाम है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि नक्सलमुक्त वातावरण में छत्तीसगढ़ आने वाले समय में तेजी से विकास करेगा और देश के अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान मजबूत करेगा।

छत्तीसगढ़ के मेलोडी किंग नितिन दुबे की शानदार प्रस्तुति ने किया दर्शकों को मंत्र मुग्ध


बिलासपुर। 
 TODAY छत्तीसगढ़  /  मल्हार महोत्सव 2026 के दूसरे अंतिम दिन नितिन दुबे सुपरस्टार नाइट में छत्तीसगढ़ के मेलोडी किंग और सीजी रत्न नितिन दुबे ने अपनी अद्भुत लाइव प्रस्तुति से पूरे स्टेज को मंत्रमुग्ध कर दिया l मल्हार के ऐतिहासिक मेला मैदान में हजारों की  संख्या में महिला एवं पुरुष दर्शक रात 12 बजे तक नितिन दुबे  को सुनने के लिए इन्तेज़ार करते रहे। जैसे ही नितिन दुबे ने माइक संभाले, पूरा माहौल जसगीत और छत्तीसगढ़ी धुनों से गूंज उठा। उनके सुपरहिट गीत — रायगढ़ वाले राजा, गोंदा तोला रे, चंदा रे, नील परी एवं अन्य लोकप्रिय छत्तीसगढ़ी नगमों पर दर्शक पूरी तरह मंत्रमुग्ध होकर थिरकने लगे। 

स्टेज पर उनकी आवाज की मिठास और परफॉर्मेंस की ऊर्जा देखकर लोग अंतिम तक और एक बार की मांग करते रहे। नितिन दुबे की इस शानदार प्रस्तुति को देखकर सभी कह रहे हैं ये तो असली सुपरस्टार नाइट थी l यह मल्हार महोत्सव 2026 का सबसे यादगार और मंत्रमुग्ध करने वाला पल बन गया। इस अवसर पर मल्हार महोत्सव के मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री एवं सांसदश्री तोखन साहू ने श्री दुबे को शानदार प्रस्तुति देने के लिए बधाई दी और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया l नितिन दुबे ने छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति को आधुनिक टच के साथ खूबसूरती से पेश किया। उनकी मीठी आवाज ने हर किसी के दिल को छू लिया। पूरा कार्यक्रम यू ट्यूब  पर नितिन दुबे सुपर स्टार नाइट एवं  मल्हार महोत्सव 2026 चैनल पर लाइव प्रसारित हुआ

बर्ड फ्लू अलर्ट के बीच मुर्गी चूजों की खेप की जांच,नहीं मिला संक्रमण


बिलासपुर। 
 TODAY छत्तीसगढ़  /  जिले के शासकीय कुक्कुट फार्म कोनी में 24 मार्च को बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और एहतियात के तौर पर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में मुर्गी एवं उससे संबंधित सामग्री की लगातार जांच की जा रही है। यह कार्रवाई विभाग की रैपिड रिस्पांस टीम द्वारा की जा रही है।

      इसी बीच कुछ स्थानीय मीडिया में प्रकाशित खबर “रेलवे परिसर में दिल्ली से आई मुर्गी चूजों की खेप” को लेकर पशु चिकित्सा विभाग ने तथ्य स्पष्ट किए हैं। कलेक्टर के निर्देश पर संबंधित विभाग द्वारा रेलवे अधिकारियों से संपर्क कर पूरी जानकारी प्राप्त की गई। रेलवे मंडल वाणिज्य प्रबंधक के 30 मार्च के पत्र के अनुसार, दिल्ली से गाड़ी क्रमांक 12442 राजधानी एक्सप्रेस के माध्यम से कुल 17 डिब्बों में चूजे बिलासपुर लाए गए थे, जिन्हें यहां से श्री आकाश नायक द्वारा प्राप्त कर जिला रायगढ़ भेजा गया। प्रशासन द्वारा संबंधित व्यक्ति से फोन पर चर्चा में यह स्पष्ट हुआ कि चूजों को सुरक्षित रूप से रायगढ़ ले जाया गया तथा उनमें किसी भी प्रकार के संक्रामक रोग के लक्षण नहीं पाए गए। प्रशासन ने रेलवे अधिकारियों से चर्चा कर भविष्य में इस प्रकार की खेपों की पूर्व सूचना संबंधित विभाग को देने के निर्देश भी दिए हैं, ताकि सतर्कता और निगरानी बेहतर ढंग से सुनिश्चित की जा सके। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें।

कला और संस्कृति के संरक्षण व संवर्धन के प्रति छत्तीसगढ़ सरकार गंभीर : पद्मश्री भारती बंधु


बिलासपुर।
  TODAY छत्तीसगढ़  /  भारतीय भक्ति संगीत जगत के ख्यातिप्राप्त गायक पद्मश्री भारती बंधु ने कहा है कि छत्तीसगढ़ सरकार कला और कलाकारों के संरक्षण एवं प्रोत्साहन के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य के संस्कृति विभाग द्वारा समय-समय पर आयोजित विभिन्न सांस्कृतिक महोत्सव कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए सशक्त मंच प्रदान कर रहे हैं, जिससे लोक कला एवं परंपराओं को नई ऊर्जा मिल रही है। पद्मश्री भारती बंधु जिला प्रशासन के आमंत्रण पर मल्हार महोत्सव में अपनी प्रस्तुति देने बिलासपुर पहुंचे थे। 

    पद्मश्री भारती बंधु ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में कला और संस्कृति के संरक्षण, संवर्धन एवं प्रसार के लिए सार्थक पहल की जा रही है। इन प्रयासों के कारण प्रदेश के कलाकारों में उत्साह का वातावरण बना है और युवा पीढ़ी भी पारंपरिक कला विधाओं और संस्कृति से जुड़ने के लिए प्रेरित हो रही है। छत्तीसगढ़ भवन में चर्चा के दौरान उन्होंने मल्हार महोत्सव के पुनः भव्य और जीवंत स्वरूप में आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से न केवल कलाकारों को मंच मिलता है, बल्कि स्थानीय संस्कृति को भी व्यापक पहचान मिलती है। उन्होंने इस गरिमामयी आयोजन के लिए मुख्यमंत्री और आमंत्रण के लिए जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। भजन गायकी की अपनी विशिष्ट और पारंपरिक शैली पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने बताया कि वे इस विधा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। उनके द्वारा अब तक 10,000 से अधिक युवाओं को भजन गायन का प्रशिक्षण दिया जा चुका है, जो इस परंपरा को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

     उल्लेखनीय है कि प्रख्यात भजन गायक भारती बंधु को भारत सरकार द्वारा चौथे सर्वाेच्च नागरिक सम्मान पद्मश्री से सम्मानित किया गया है। भारती बंधु ने देश-विदेश के विभिन्न प्रतिष्ठित मंचों पर भारत का प्रतिनिधित्व कर देश का मान बढ़ाया है। उनकी प्रस्तुतियां न केवल आध्यात्मिक अनुभूति प्रदान करती हैं, बल्कि श्रोताओं के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और प्रेरणा का भी संचार करती हैं। पद्मश्री भारती बंधु ने यह भी बताया कि उन्होंने देशभर की अनेक जेलों में बंदियों के समक्ष भजन प्रस्तुतियां दी हैं, और छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में बंदियों के लिए कार्यक्रम किए हैं, जिनका प्रभाव बंदियों पर बेहद सकारात्मक रहा है। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से बंदियों के जीवन में आत्मचिंतन, सुधार और नई दिशा की चेतना उत्पन्न हुई है। उन्होंने कहा कि कला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने, संस्कारों को सहेजने और सकारात्मक परिवर्तन लाने का सशक्त माध्यम है, और छत्तीसगढ़ जैसे राज्य में इसके संरक्षण हेतु मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में किए जा रहे प्रयास सराहनीय है। 

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com