शेयर मार्केट में निवेश पर मोटे मुनाफे का झांसा देकर लाखों की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

भिलाई। TODAY छत्तीसगढ़  /  शेयर मार्केट में निवेश कर अधिक लाभ दिलाने का झांसा देकर कई लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने के आरोप में सुपेला पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के घर और कार्यालय से कार, लैपटॉप, मोबाइल, चेकबुक सहित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और सामग्री जब्त की है।

पुलिस के अनुसार रायपुर निवासी दीपक गाडगे और भिलाई निवासी पापा राव सहित अन्य लोगों ने थाना सुपेला में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि सुपेला के पुरानी बस्ती हनुमान मंदिर क्षेत्र निवासी टोमन दास साहू ने शेयर मार्केट में निवेश कर भारी मुनाफा दिलाने का भरोसा देकर उनसे लाखों रुपये लिए।

जांच में सामने आया कि आरोपी ने दीपक गाडगे से करीब 23 लाख रुपये, भीष्म महिलांग से 15 लाख रुपये तथा पापा राव से लगभग 10 लाख रुपये लिए थे। इसके अलावा अन्य लोगों से भी बड़ी रकम लेकर निवेश के नाम पर धोखाधड़ी करने के आरोप हैं।

शिकायतों के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दो अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए। कार्रवाई के दौरान आरोपी के घर और कार्यालय की तलाशी लेकर एक किया कार, एक लैपटॉप, एक सीपीयू, दो मॉनिटर, दो मोबाइल फोन, 10 चेकबुक, चार लेन-देन की डायरी तथा 10 ट्रॉफियां जब्त की गईं। सुपेला पुलिस ने आरोपी टोमन दास साहू को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस मामले में अन्य पीड़ितों और वित्तीय लेन-देन की भी जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की है कि निवेश से पहले संबंधित व्यक्ति और संस्था की विश्वसनीयता की जांच अवश्य करें तथा अधिक मुनाफे के लालच में आकर किसी को रकम न सौंपें।

शराब पार्टी में उड़ाए लूट के 35 हजार, 24 घंटे में पहुंच गए जेल

रायगढ़। TODAY छत्तीसगढ़  / खरसिया पुलिस ने लूट की एक वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने पीड़ित से दोस्ती का दिखावा कर सुनसान स्थान पर ले जाकर 35 हजार रुपये लूट लिए थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकदी और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार सक्ती जिले के ग्राम सिंघरा निवासी संजय सिंह सिदार 29 मई को शादी का कार्ड लेने और एटीएम से रकम निकालने खरसिया आए थे। उन्होंने एचडीएफसी बैंक के एटीएम से 35 हजार रुपये निकाले और इसके बाद शराब भट्टी चले गए। यहीं उनकी मुलाकात छोटू उर्फ विक्की उर्फ विकेश्वर चौहान से हुई। आरोपी ने साथ चलने की बात कही, जिस पर संजय उसे अपनी मोटरसाइकिल में बैठाकर बंधवा तालाब स्थित पीपल पेड़ के पास पहुंचे। वहां पहले से मौजूद द्वारिका चौहान और राहुल सिदार भी मिल गए। आरोप है कि तीनों ने मिलकर संजय को जान से मारने की धमकी दी और उसके पास रखे 35 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। घटना से डरे पीड़ित ने घर पहुंचकर परिजनों को जानकारी दी, जिसके बाद चौकी खरसिया में शिकायत दर्ज कराई गई।

रिपोर्ट मिलते ही चौकी प्रभारी त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की। संदेहियों की पहचान कर उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई और तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने लूट की वारदात स्वीकार कर ली। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि लूटी गई 35 हजार रुपये की रकम में से 32 हजार 500 रुपये शराब और अन्य खर्चों में खर्च कर दिए गए। उनके कब्जे से शेष 2 हजार 500 रुपये नकद तथा घटना से संबंधित दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपियों में छोटू उर्फ विक्की उर्फ विकेश्वर चौहान (22), द्वारिका चौहान (24) और राहुल सिदार (19) शामिल हैं। तीनों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

बिलासपुर पुलिस का विशेष अभियान, 21 फरार आरोपी गिरफ्तार, 201 वारंट तामील

बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़  /  न्यायालयों से जारी लंबित वारंटों और समंसों की तामिली तथा फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए बिलासपुर पुलिस द्वारा जिलेभर में विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान 21 फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 201 वारंट और 163 समंसों की तामिली सुनिश्चित की गई।

पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में संचालित इस अभियान के तहत जिले के सभी थाना क्षेत्रों में विशेष टीमों का गठन किया गया। टीमों ने न्यायालय से जारी लंबित वारंटों और समंसों की तामिली के साथ फरार आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी।

अभियान के दौरान 77 गिरफ्तारी वारंट, 85 जमानती वारंट और 39 स्थायी वारंट सहित कुल 201 वारंटों की तामिली की गई। इसके अलावा 163 समंस भी तामील किए गए।

पुलिस ने विभिन्न मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे 21 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की। वहीं 104 निगरानी गुंडा-बदमाशों की भी चेकिंग कर उनकी गतिविधियों का सत्यापन किया गया और आवश्यक समझाइश दी गई। 

पुलिस अधिकारियों के अनुसार अभियान के दौरान कुल 489 कार्रवाई की गईं। इससे न्यायालयीन आदेशों के प्रभावी पालन के साथ जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने में मदद मिली है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों, वारंटियों और फरार आरोपियों के खिलाफ इस प्रकार की विशेष कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। 


शौक पूरे करने के लिए बने लुटेरे, पुलिस ने CCTV कैमरे खंगालकर पकड़ा गैंग

बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़  / मोपका बायपास क्षेत्र में हार्वेस्टर चालक से लूट की वारदात का खुलासा करते हुए कोनी पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने तीन आरोपियों एवं एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन और नगदी बरामद की गई है। सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार कबीरधाम जिले के ग्राम कामनबोड़ निवासी हरमेन्द्र साहू धान कटाई के लिए हार्वेस्टर मशीन लेकर बिलासपुर आए हुए थे। 27 मई की रात हार्वेस्टर मशीन खराब हो जाने के कारण वह ग्राम रमतला के पास मशीन सुधारने में लगे थे। देर रात भोजन लेने के लिए मोटरसाइकिल से ढाबे की ओर जा रहे थे।

इसी दौरान 28 मई की रात करीब 12:30 बजे मोपका बायपास मोड़ के पास चार युवकों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। नहीं रुकने पर आरोपियों ने लात मारकर उन्हें मोटरसाइकिल समेत गिरा दिया। इसके बाद बेल्ट और हाथ-मुक्कों से मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी तथा उनकी जेब में रखे 10 हजार रुपये नकद और करीब 10 हजार रुपये कीमत का मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।

पीड़ित की शिकायत पर थाना कोनी में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का विश्लेषण किया। जांच के दौरान आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने घूमने-फिरने और अपने शौक पूरे करने के लिए लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। गिरफ्तार आरोपियों में अनिकेत पटेल, जयप्रकाश पटेल और जयप्रकाश यादव निवासी ग्राम मुढ़ी शामिल हैं। इसके अलावा एक 16 वर्षीय विधि से संघर्षरत बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई रकम में से 1800 रुपये नकद और पोको कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि नाबालिग के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com