नदी किनारे चल रहे जुए के फड़ पर पुलिस की रेड, 3 जुआरी गिरफ्तार


बिलासपुर।
  TODAY छत्तीसगढ़  /  जिले में जुआ और सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बिल्हा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। उड़नताल क्षेत्र में नदी किनारे संचालित हो रहे जुए के फड़ पर दबिश देकर पुलिस ने तीन जुआरियों मनीष टण्डन, हरीश यादव और लक्ष्मण भारद्वाज को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से नगदी रकम, तीन मोटरसाइकिल, ताश पत्ती और जुआ खेलने में प्रयुक्त सामग्री जब्त की गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिलेभर में जुआ और सट्टा गतिविधियों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह एवं नगर पुलिस अधीक्षक डी.आर. टंडन के मार्गदर्शन में थाना स्तर पर विशेष टीम गठित कर ग्रामीण क्षेत्रों में सक्रिय जुआरियों की जानकारी जुटाई जा रही थी। 

पुलिस को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि ग्राम उड़नताल स्थित अग्रवाल फार्म हाउस के पीछे नदी किनारे कुछ लोग नियमित रूप से हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेलते हैं।  पुख्ता सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी। रेड कार्रवाई के दौरान तीन लोगों को जुआ खेलते हुए पकड़ा गया। पुलिस ने उनके कब्जे से 8,090 रुपये नकद, 03 मोटरसाइकिल, 52 पत्ती ताश और बोरी फट्टी जब्त की है।

घुमका नगर पंचायत चुनाव: एसपी ने संभाली कमान, दिए सख्त निर्देश


राजनांदगांव।
  TODAY छत्तीसगढ़  /  नगर पंचायत घुमका में 1 जून को होने वाले निर्वाचन को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के साथ घुमका क्षेत्र का दौरा कर मतदान केंद्रों और सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने विभिन्न मतदान केंद्रों की भौतिक स्थिति, सुरक्षा प्रबंध, पहुंच मार्ग, संचार व्यवस्था तथा संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों का जायजा लिया। उन्होंने निर्वाचन सामग्री के सुरक्षित संधारण के लिए बनाए गए स्ट्रॉन्ग रूम का भी निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की।

सतर्कता और निष्पक्षता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश

एसपी अंकिता शर्मा ने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्वाचन अवधि के दौरान पूरी सतर्कता, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदान केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, नियमित पेट्रोलिंग और असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी बनाए रखने पर जोर दिया।

कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए और मतदान प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न होने पाए। उन्होंने अधिकारियों को सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय पहले से सुनिश्चित करने और मतदाताओं में सुरक्षा व विश्वास का माहौल बनाए रखने के निर्देश दिए।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं।

ताश के पत्तों पर लग रहे थे हजारों के दांव, रंगे हाथ पकड़े गए जुआरी

बिलासपुर।  TODAY छत्तीसगढ़  / जुआ और सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सरकंडा पुलिस ने  बड़ी कार्रवाई करते हुए खमतराई क्षेत्र के एक खुले खेत में चल रहे जुआ फड़ पर दबिश दी। पुलिस ने मौके से 8 जुआरियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 14 हजार 700 रुपये नकद, ताश पत्ती और अन्य सामग्री जब्त की है।

पुलिस को टाउन पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि खमतराई के एक खेत में कुछ लोग 52 पत्ती ताश के जरिए हार-जीत का दांव लगाकर ‘काट-पत्ती’ जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने राहगीरों को गवाह बनाकर बताए गए स्थान पर घेराबंदी की। रेड कार्रवाई के दौरान पुलिस को देखकर कुछ लोग मौके से भाग निकले, लेकिन आठ आरोपियों को जुआ खेलते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया। पुलिस ने मौके से 14,700 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश और बोरी फट्टी जब्त की।

गिरफ्तार आरोपियों में अनिल कुमार केंवट, विवेक दास मानिकपुरी, मनीष सिंह राजपूत, नीरज राव, नंनका साहू, गौकरण साहू, सुभाष सूर्यवंशी और अंकित गोले उर्फ सोमू शामिल हैं। सभी आरोपी बिलासपुर शहर के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस ने जब्त सामग्री को कब्जे में लेकर घटना स्थल का नजरी नक्शा तैयार किया और सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।


कमीशन के लालच में जुटा रहे थे बैंक खाते, म्यूल अकाउंट नेटवर्क का खुलासा


बिलासपुर। 
 TODAY छत्तीसगढ़  / साइबर अपराध और म्यूल अकाउंट नेटवर्क के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बिलासपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। तोरवा क्षेत्र में बैंक खातों और पासबुक के बदले कमीशन का लालच देकर लोगों को फंसाने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक जांच में दोनों के तार साइबर ठगी से जुड़े म्यूल अकाउंट नेटवर्क से जुड़े पाए गए हैं।

पुलिस को 29 मई को सूचना मिली थी कि तितली चौक स्थित एसबीआई बैंक, तोरवा के आसपास एक युवक लोगों से बैंक खाते, पासबुक और खाता संबंधी जानकारी मांग रहा है तथा इसके बदले कमीशन देने का प्रलोभन दे रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक रजनीश सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

पुलिस को देखकर भागने लगा आरोपी

पुलिस वाहन को देखते ही संदिग्ध युवक भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान प्रियांशु वस्त्रकार के रूप में हुई। उसके मोबाइल फोन की जांच करने पर कई व्यक्तियों के बैंक खातों, पासबुकों और बैंकिंग दस्तावेजों की तस्वीरें एवं जानकारी मिली। गहन पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह अनिल गजभिये के साथ मिलकर लोगों से बैंक खाते और पासबुक एकत्रित करता था।

साइबर ठगों को उपलब्ध कराए जा रहे थे खाते

जांच में सामने आया कि आरोपियों द्वारा बैंक खातों का उपयोग साइबर अपराध और ऑनलाइन धोखाधड़ी में करने के लिए उपलब्ध कराया जा रहा था। पुलिस को आशंका है कि दोनों आरोपी म्यूल अकाउंट नेटवर्क के जरिए साइबर अपराधियों को बैंक खाते उपलब्ध कराने का काम कर रहे थे, जिनका इस्तेमाल ठगी की रकम के लेनदेन और ट्रांसफर के लिए किया जाता था।

मोबाइल और डिजिटल साक्ष्यों की जांच जारी

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। 30 मई को न्यायालय में पेश करने के बाद उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस आरोपियों के मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों का तकनीकी विश्लेषण कर रही है। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और संभावित साइबर ठगी गिरोह की भी तलाश जारी है।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com