बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में सोमवार को अपर कलेक्टर एसएस दुबे ने आमजन की समस्याएं सुनीं। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने निजी एवं सामुदायिक समस्याओं से संबंधित आवेदन सौंपे। अपर कलेक्टर ने अधिकांश मामलों में संबंधित अधिकारियों को तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनदर्शन में ग्राम दर्रीघाट निवासी संगीता खांडे ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान दिलाने की मांग की। उन्होंने बताया कि पति की सीमित आय में किराए के मकान में रहकर बच्चों का पालन-पोषण करना मुश्किल हो रहा है। वहीं तखतपुर ब्लॉक के परसदा निवासी संतोषी निर्मलकर ने नया बीपीएल राशन कार्ड बनाने की मांग की। आवेदन में बताया गया कि पूर्व में आवेदन देने के बावजूद अब तक राशन कार्ड नहीं बन पाया है। पचपेड़ी तहसील के ग्राम गोड़ाडीह निवासी लकेश्वर ने भूमि डायवर्सन की अनुमति के लिए ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बताया कि वे अपनी भूमि के एक हिस्से का उपयोग व्यवसायिक कार्य के लिए करना चाहते हैं।
ग्राम खमतराई के ग्रामीणों ने प्राचीन तालाब पर कब्जा और गंदगी फैलाने की शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की। वहीं कपसिया कला के दिव्यांग सावन कुमार ने ट्राई साइकिल उपलब्ध कराने का आवेदन दिया। फजलबाड़ा वार्ड निवासी राधा गायकवाड़ और शिवकुमारी यादव ने प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान का मुआवजा मांगा। उन्होंने बताया कि हाल ही में एक विशाल बरगद का पेड़ उनके मकानों पर गिर गया था, जिससे भारी नुकसान हुआ। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे मकान की मरम्मत कराने में असमर्थ हैं। अपर कलेक्टर ने सभी आवेदनों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।




