घर की बाड़ी में उगा रहा था गांजा, पुलिस ने किया गिरफ्तार


राजनांदगांव। 
 TODAY छत्तीसगढ़  /  जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लालबाग पुलिस ने गांजा की अवैध खेती करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के घर की बाड़ी से गांजा के छह पौधे जड़ सहित बरामद किए हैं। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में जिले में नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में 22 मई को थाना लालबाग पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम मोहभटटा (चमारराय टोलागांव) निवासी तुलेश्वर साहू अपने घर की बाड़ी में अवैध रूप से गांजा के पौधों की खेती कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से घर की बाड़ी में लगे छह गांजा पौधे जड़ सहित बरामद किए गए। जब्त पौधों की अनुमानित कीमत करीब 12 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना लालबाग में अपराध क्रमांक 218/2026 के तहत धारा 20(क)(i) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। बाद में आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशे और अवैध गतिविधियों से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि ऐसे अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

प्रसव के बाद महिला की मौत, नवजात को लेकर सौदेबाजी के आरोप


कोरबा।
 TODAY छत्तीसगढ़  /  जिंदगी की पहली सांस लेते ही एक मासूम ने शायद यह नहीं सोचा होगा कि कुछ ही घंटों में उसकी दुनिया उजड़ जाएगी। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में जन्मे उस नवजात की आंखें अभी ठीक से खुली भी नहीं थीं कि मां की ममता हमेशा के लिए उससे दूर हो गई।

करतला थाना क्षेत्र के ग्राम तुर्रीकटरा निवासी सरजू प्रसाद राठिया अपनी पत्नी रमशीला राठिया को प्रसव पीड़ा होने पर अस्पताल लेकर पहुंचा था। परिवार खुश था कि घर में नई किलकारी गूंजने वाली है। कुछ ही देर बाद रमशीला ने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। लेकिन किस्मत को शायद कुछ और ही मंजूर था। प्रसव के तुरंत बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद वह जिंदगी की जंग हार गई।

अस्पताल के उस वार्ड में जहां कुछ देर पहले खुशियों की उम्मीद थी, वहां अचानक सन्नाटा पसर गया। एक तरफ मां की निर्जीव देह थी, तो दूसरी तरफ गोद में सिमटा वह मासूम, जिसे शायद अभी यह भी नहीं पता कि उसकी मां अब कभी उसे सीने से नहीं लगाएगी। सबसे दर्दनाक मोड़ तब आया, जब आरोप लगा कि पिता ने भी नवजात को अपने साथ रखने से इंकार कर दिया। वह बार-बार यह कहता रहा कि पहली पत्नी से उसके पहले ही दो बच्चे हैं और अब वह इस बच्चे की जिम्मेदारी नहीं उठा सकता। हालांकि नवजात के दादा ने बच्चे को साथ ले जाने और उसकी परवरिश की बात कही है। 

इसके बाद अस्पताल परिसर में जो हुआ, उसने हर किसी को सोचने पर मजबूर कर दिया। नवजात को एक संजीवनी एक्सप्रेस चालक के हवाले कर दिया गया। बताया जा रहा है कि चालक नि:संतान है और उसने बच्चे को अपनाने की इच्छा जताई थी। लेकिन इसी बीच तीन लाख रुपये के कथित लेनदेन और एक इकरारनामे की चर्चा ने पूरे मामले को बेहद संवेदनशील बना दिया। लोग सवाल पूछ रहे हैं—क्या एक नवजात की जिंदगी का फैसला इस तरह हो सकता है? क्या मां की मौत के बाद उस मासूम को सिर्फ एक जिम्मेदारी समझ लिया गया?

संजीवनी चालक का कहना है कि उसने इंसानियत के नाते बच्चे को अपनाने की इच्छा जताई थी, ताकि उसे बेहतर जिंदगी मिल सके। लेकिन अब इस पूरे मामले ने समाज, संवेदनाओं और इंसानियत पर कई बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। 

फिलहाल यह  मासूम शहरभर में चर्चा का विषय बना हुआ है। हर किसी की जुबान पर एक ही सवाल है—जिस बच्चे ने दुनिया में कदम रखते ही मां को खो दिया, क्या उसे अब सच में एक सुरक्षित और प्यार भरा भविष्य मिल पाएगा? 


बाइक से शराब बिक्री करने जा रहा आरोपी गिरफ्तार, 40 पाव देशी शराब जब्त


बिलासपुर।
 TODAY छत्तीसगढ़  / सिरगिट्टी पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 40 पाव देशी प्लेन शराब और एक मोटरसाइकिल जब्त की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) और नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सिरगिट्टी निरीक्षक अभय सिंह बैस के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में निगरानी कर रही थी।   

23 मई 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से भारी मात्रा में शराब लेकर तारबाहर फाटक की ओर से गणेश नगर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने झोपड़ापारा मस्जिद के सामने मेन रोड पर घेराबंदी की।

इस दौरान एक युवक मोटरसाइकिल में काले रंग का बैग रखकर आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली तो बैग से 40 पाव देशी प्लेन शराब बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने शराब बिक्री के लिए ले जाना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपी प्रदीप कुर्रे निवासी गणेश नगर सिरगिट्टी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 3200 रुपये कीमत की शराब और मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 BY 4256 कीमत लगभग 80 हजार रुपये जब्त की।

आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) और 59(क) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने कहा कि अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

दहेज प्रताड़ना का आरोप, कब्र से निकाला गया विवाहिता का शव

कोरबा। TODAY छत्तीसगढ़  / उरगा थाना क्षेत्र के भतपहरी गांव में विवाहिता विनीता पाटले की संदिग्ध मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। मायके पक्ष द्वारा दहेज प्रताड़ना और हत्या की आशंका जताने के बाद शुक्रवार को प्रशासन की मौजूदगी में शव को कब्र से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम कराया गया।

जानकारी के अनुसार कुछ दिन पहले विनीता की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई, जिसके बाद ससुराल पक्ष ने शव का अंतिम संस्कार कर दफना दिया। चार दिन बाद मृतका के मायके वालों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए मौत को संदिग्ध बताया। शिकायत के बाद प्रशासन ने शव को कब्र से बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू की। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल, तहसीलदार, स्वास्थ्य विभाग और फॉरेंसिक टीम मौके पर मौजूद रही। शुरुआत में मृतका के ससुर ने विरोध किया, लेकिन पुलिस की समझाइश के बाद प्रक्रिया पूरी कराई गई।

मृतका के परिजनों का आरोप है कि विवाह के बाद से ही विनीता को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था। पति मुकेश पाटले पर मारपीट करने और कई बार घर से निकाल देने का भी आरोप लगाया गया है। परिजनों के मुताबिक विनीता अक्सर रोते हुए मायके पहुंचती थी, लेकिन बच्चों के भविष्य को देखते हुए समझौता कर उसे वापस भेज दिया जाता था।

मृतका की मां ने दावा किया कि कुछ समय पहले भी पति ने उसे फांसी लगाकर मारने की कोशिश की थी। हाल ही में गांव के लोगों और सरपंच की मौजूदगी में समझौता होने के बाद उसे दोबारा ससुराल भेजा गया था। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि शव पर चोट के निशान थे और नाक-मुंह से खून निकल रहा था। इसके बावजूद बिना पोस्टमार्टम कराए जल्दबाजी में शव दफना दिया गया। मृतका की बहन ने सवाल उठाया कि कुछ दिन पहले शादी समारोह में शामिल होने वाली विनीता अचानक आत्महत्या कैसे कर सकती है।

उधर पति मुकेश पाटले ने आरोपों को निराधार बताया है, हालांकि वह यह स्पष्ट नहीं कर पाया कि पत्नी बार-बार मायके क्यों लौट जाती थी। उरगा पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच पूरी कर ली गई है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। 


© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com