सीरियल चोर गिरोह का खुलासा, 9 वारदातों में शामिल 5 पकड़े गए


बिलासपुर।
  TODAY छत्तीसगढ़  /  सकरी थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो युवकों सहित तीन विधि से संघर्षरत बालकों को गिरफ्तार किया है, जो अलग-अलग स्थानों पर चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे।

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना सकरी में दर्ज विभिन्न चोरी के मामलों की जांच के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। नए बीट सिस्टम के तहत बीट आरक्षकों द्वारा जुटाई गई सूचना के आधार पर संदेही अरविंद पटेल (20 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। शुरुआत में आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन कड़ी पूछताछ में उसने अपने साथी आशीष रजक (20 वर्ष) और तीन नाबालिगों के साथ मिलकर चोरी की कई वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों ने थाना सकरी क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों में प्लॉट और मकानों के ताले तोड़कर पंप, ड्रम और कृषि उपकरण चोरी किए घरों से नगदी (48 हजार, 60 हजार, 90 हजार रुपये तक) और जेवर पार किए निर्माणाधीन मकानों से पीवीसी पाइप, खिड़कियां और लोहे का सामान चोरी किया।  बीज प्रशिक्षण केंद्र से कॉपर तार और केबल चुराए टीवी, पायल, चम्मच और अन्य घरेलू सामान भी चोरी किया। 

राज्य स्तरीय आवासीय खेल अकादमी में चयन के लिए ट्रायल शुरू


बिलासपुर।
  TODAY छत्तीसगढ़  /  राज्य शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा संचालित आवासीय खेल अकादमी में प्रवेश के लिए 28 अप्रैल से 1 मई तक चयन ट्रायल का आयोजन किया गया है। चयन ट्रायल के पहले दिन आज रायपुर के कोटा स्थित स्वामी विवेकानंद स्टेडियम में तीरंदाजी, फुटबॉल और वेटलिफ्टिंग के खिलाड़ी शामिल हुए। इसमें छत्तीसगढ़ एवं अन्य राज्यों के तीरंदाजी में 68 बालक और 27 बालिका, फुटबॉल में 91 बालिका, वेटलिफ्टिंग में 7 बालक और 11 बालिका सहित कुल 204 खिलाड़ियों ने हिस्सेदारी की। 

चयन ट्रायल के पहले दिन आज खिलाड़ियों का पंजीयन, दस्तावेज सत्यापन, मेडिकल और शारीरिक दक्षता का परीक्षण किया गया। ट्रायल के दूसरे दिन 29 अप्रैल को खिलाड़ियों के खेल कौशल का परीक्षण किया जाएगा। यह चयन ट्रायल 13 वर्ष से 17 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों के लिए आयोजित है। इसमें चयनित खिलाड़ी खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा संचालित आवासीय खेल परिसर में निःशुल्क प्रशिक्षण हासिल करेंगे। प्रशिक्षण के दौरान अकादमी में खिलाड़ियों को निःशुल्क आवास, भोजन, शैक्षणिक व्यय, खेल परिधान, प्लेइंग किट और दुर्घटना बीमा जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती है।


ऑनलाइन-ऑफलाइन क्रिकेट सट्टा पर प्रहार, युवक दबोचा गया


रायगढ़ । 
 TODAY छत्तीसगढ़  /  जिले में अवैध ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत पुलिस को एक और सफलता मिली है। साइबर थाना और जूटमिल पुलिस की संयुक्त टीम ने आईपीएल मैच के दौरान सट्टा संचालित कर रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि कैदीमुड़ा ओवरब्रिज के पास एक युवक दिल्ली और बेंगलुरु के बीच चल रहे आईपीएल मैच पर मोबाइल के जरिए ऑनलाइन और ऑफलाइन सट्टा खिला रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और आरोपी अनुराग यादव (26 वर्ष) निवासी ट्रांसपोर्ट नगर जूटमिल को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से सट्टा पट्टी, नथिंग कंपनी का मोबाइल, 900 रुपये नगद और डॉट पेन बरामद किया गया।

पुलिस द्वारा मोबाइल की जांच करने पर winx66.com आईडी के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा संचालन के साक्ष्य मिले। इसके आधार पर जब्ती पंचनामा तैयार कर सामग्री को कब्जे में लिया गया। आरोपी के खिलाफ थाना जूटमिल में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6 और 7 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में ऑनलाइन और ऑफलाइन सट्टेबाजी के अवैध कारोबार पर पुलिस की सख्त नजर है। ऐसे मामलों में लगातार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

एटीएम तोड़कर चोरी की कोशिश नाकाम, पुलिस ने पकड़ा


रायगढ़ ।
  TODAY छत्तीसगढ़  /  थाना पूंजीपथरा पुलिस की सतर्कता से देर रात एक बड़ी चोरी की वारदात टल गई। गेरवानी चौक स्थित एटीएम में गैस कटर से सेंधमारी की कोशिश कर रहे आरोपी पंकज कुमार पासवान को पुलिस ने रंगे हाथ पकड़ लिया।

जानकारी के अनुसार, घटना बीती रात करीब 3 बजे की है। रात्रिकालीन गश्त के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि इंडिया वन प्राइवेट लिमिटेड के एटीएम के पास एक संदिग्ध व्यक्ति देखा गया है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव के निर्देशन में गश्त टीम मौके पर पहुंची। मौके पर पहुंचने पर पुलिस ने पाया कि एक व्यक्ति गैस कटर से एटीएम मशीन को क्षतिग्रस्त कर कैश निकालने की कोशिश कर रहा है। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान पंकज कुमार पासवान (29 वर्ष) निवासी जिला पलामू (झारखंड) के रूप में हुई है, जो वर्तमान में गेरवानी क्षेत्र में रह रहा था। आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त गैस कटर जब्त किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह वेल्डिंग का काम करता था और ट्रांसपोर्ट व्यवसाय में नुकसान तथा कर्ज के दबाव के चलते उसने एटीएम से चोरी की योजना बनाई थी।

पुलिस के अनुसार, आरोपी की हरकत से एटीएम मशीन को लगभग 3.50 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। इस संबंध में कंपनी कर्मचारी दीपक दास महंत की रिपोर्ट पर थाना पूंजीपथरा में अपराध क्रमांक 88/2026 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। 

👮 पुलिस टीम को मिला इनाम

इस सतर्क कार्रवाई की सराहना करते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने थाना प्रभारी सहित पूरी टीम की प्रशंसा की है। साथ ही कार्रवाई में शामिल आरक्षक चंद्रशेखर चंद्राकर, विक्रांत भगत और नरेंद्र कुमार पैकरा को नगद पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया है।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com