Slider

पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन, 90 बदमाश हिरासत में, 12 भेजे गए जेल

सुबह-सुबह बदमाशों के घर पहुंची पुलिस, पूरे शहर में चली सघन रेड

बिलासपुर:  TODAY छत्तीसगढ़  /  शहर में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए बिलासपुर पुलिस ने शनिवार सुबह सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ विशेष सघन अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस ने 90 संदिग्ध और आदतन गुंडा-बदमाशों को हिरासत में लेकर सत्यापन और पूछताछ की। जांच के बाद 76 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई, जबकि 12 आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।

चाकूबाजों और निगरानी बदमाशों पर फोकस

पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए गए अभियान के तहत पुलिस टीमों ने चाकूबाजों, निगरानीशुदा बदमाशों और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के ठिकानों पर दबिश देकर उनकी गतिविधियों का सत्यापन किया।

दो लोगों के पास मिले धारदार हथियार

अभियान के दौरान दो व्यक्ति अवैध धारदार हथियार के साथ पकड़े गए। उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।

ये रही कार्रवाई

  • कुल हिरासत में लिए गए व्यक्ति – 90
  • BNSS की धारा 126 एवं 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई – 76
  • BNSS की धारा 170 के तहत न्यायालय में पेश कर जेल भेजे गए – 12
  • आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज प्रकरण – 2

पुलिस की सख्त चेतावनी

बिलासपुर पुलिस ने सभी चिन्हित असामाजिक तत्वों और आदतन बदमाशों को चेतावनी दी है कि भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि, मारपीट, अवैध हथियार रखने या कानून-व्यवस्था भंग करने का प्रयास किया गया तो उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर जिला बदर और अन्य निरोधात्मक प्रावधानों का भी उपयोग किया जाएगा।

पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे असामाजिक गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com