Slider

ढाबे पर खूनी बवाल! संचालक ने तलवार से किया हमला, 3 ट्रेलर चालक घायल

खाने पहुंचे ड्राइवरों पर तलवार से हमला, ट्रेलर के शीशे भी तोड़े

TODAY छत्तीसगढ़  /  सकरी थाना क्षेत्र के संबलपुरी स्थित एक खालसा ढाबे में रविवार दोपहर मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि ढाबा संचालक ने ट्रेलर चालकों पर तलवार से हमला कर दिया और एक ट्रेलर में तोड़फोड़ भी की। घटना में तीन लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बीच-बचाव करने पहुंचे थे चालक

पुलिस के अनुसार, पंजाब निवासी ट्रेलर चालक मक्खन सिंह (36) रायगढ़ से लोहे का माल लेकर पंजाब जा रहे थे। चार जुलाई की रात उन्होंने अपना ट्रेलर सकरी स्थित खालसा ढाबे के पास खड़ा किया था।

रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे जब वह खाना खाने के लिए ढाबे की ओर जा रहे थे, तभी ढाबा संचालक हैप्पी और कुछ अन्य लोगों के बीच विवाद हो रहा था। आरोप है कि मक्खन सिंह, सरदारा सिंह और ईशहाक खान बीच-बचाव के लिए पहुंचे, जिससे नाराज होकर ढाबा संचालक ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।

तलवार से हमला, ट्रेलर में भी तोड़फोड़

शिकायत के मुताबिक, इसके बाद आरोपी ढाबे के अंदर से तलवार लेकर आया और सरदारा सिंह तथा ईशहाक खान पर तलवार के चपटे हिस्से से हमला कर दिया। हमले में सरदारा सिंह की पीठ और ईशहाक खान के सिर पर चोट आई।

आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने मक्खन सिंह के ट्रेलर के शीशे भी तोड़ दिए, जिससे वाहन को नुकसान पहुंचा।

जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप

पीड़ितों का आरोप है कि घटना के दौरान आरोपी तलवार लहराते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी भी देता रहा। घटना के समय ढाबे के आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना के बाद मक्खन सिंह ने सकरी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

नोट: यह समाचार शिकायतकर्ता के आरोपों और पुलिस में दर्ज शिकायत के आधार पर तैयार किया गया है। मामले की जांच जारी है और आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद होगी।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com