Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

‘लेडी ड्रग स्मगलर’ पर पुलिस का शिकंजा, 16 किलो गांजा बरामद

भाठागांव बस स्टैंड बना गांजा तस्करी का ट्रांजिट पॉइंट? महिला तस्कर गिरफ्त में

रायपुर।  TODAY छत्तीसगढ़  /   मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के ‘नशामुक्त छत्तीसगढ़’ विजन के तहत चलाए जा रहे विशेष अभियान में रायपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। टिकरापारा पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय महिला तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 16.434 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 8 लाख 21 हजार 700 रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार 6 जून को सूचना मिली थी कि भाठागांव बस स्टैंड के समीप रावणभाठा मैदान के पास एक महिला अवैध गांजा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रही है। सूचना मिलते ही पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप कुमार पटेल के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर मौके पर भेजी गई।

टिकरापारा थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार मरई के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध महिला को पकड़ लिया। महिला पुलिस अधिकारी की मौजूदगी में तलाशी लेने पर उसके पास से 16.434 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।

पूछताछ में आरोपी महिला ने अपनी पहचान पूजा देवी सोनकर (40 वर्ष) निवासी ग्राम चकरा, थाना राजगढ़, जिला गोरखपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में बताई। प्रारंभिक पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह गांजे की खेप ओडिशा से लेकर उत्तर प्रदेश ले जा रही थी, जहां इसे खपाने की योजना थी।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 501/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के अंतर्गत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार को आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल रायपुर भेज दिया गया।

नशे के नेटवर्क पर पुलिस की नजर

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रायपुर पुलिस नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और शैक्षणिक संस्थानों के आसपास विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से रोका जा सके।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार से जुड़ी किसी भी जानकारी की सूचना तत्काल पुलिस, डायल-112 या सिटीजन कॉप एप के माध्यम से दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा