Slider

जमीन विवाद बना मौत की वजह, प्रताड़ना से तंग आकर उठाया आत्मघाती कदम


बिलासपुर। 
TODAY छत्तीसगढ़  / सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम फरहदा में जमीन विवाद और लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर जहर सेवन करने वाले व्यक्ति की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बलराम यादव (39 वर्ष) निवासी फरहदा चौक, थाना सीपत के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थिया परमेश्वरी पटेल ने 29 मई को थाना सीपत में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह और उसका परिवार ग्राम फरहदा के बजरंग चौक स्थित शासकीय भूमि पर कई वर्षों से निवास कर रहे हैं। आरोप है कि पड़ोसी बलराम यादव एक बुजुर्ग महिला रामकली यादव को लेकर उनके घर पहुंचा और जमीन को उसका बताते हुए घर खाली करने का दबाव बनाने लगा।

शिकायत के मुताबिक आरोपी ने घर में घुसकर अश्लील गाली-गलौज की, मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। इस घटना से आहत होकर परमेश्वरी पटेल के पति कनक पटेल ने कीटनाशक जहर का सेवन कर लिया था, जिन्हें उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान 30 मई को कनक पटेल की मौत हो गई। जांच में सामने आया कि आरोपी द्वारा लगातार घर और जमीन खाली कराने के लिए दबाव बनाना, गाली-गलौज, मारपीट और धमकी देना मृतक के मानसिक तनाव का प्रमुख कारण था। मृत्यु के बाद पुलिस ने प्रकरण में धारा 108 बीएनएस (आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण) जोड़कर मामले की गंभीरता से जांच शुरू की।

फरार आरोपी गनियारी से गिरफ्तार 

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सीपत पुलिस और ACCU की संयुक्त टीम गठित की गई। घटना के बाद फरार हुए आरोपी बलराम यादव की तलाश करते हुए पुलिस ने उसे गनियारी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com