Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

Dipti Murder Mystery : जिस पति की कहानी पर पुलिस को संदेह था वही निकला क़त्ल का मास्टरमाइंड

TODAY छत्तीसगढ़  / जांजगीर / कार सवार महिला दीप्ति सोनी (28) की गला घोंट कर हत्या और लूट की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। इस मामले में महिला के पति देवेंद्र, प्रदीप सोनी और उसकी पत्नी शालू को गिरफ्तार किया है। देवेंद्र ने लूट और हत्या की झूठी कहानी गढ़ी थी। उसका कहना है कि दीप्ति के अवैध संबंध थे। इसके चलते उसने दीप्ति को मार दिया। इसके लिए तीन दिन पहले ही हत्या की साजिश रच ली थी। मामला पतौरा चौकी क्षेत्र का है। 

पुलिस ने बताया कि बिलासपुर निवासी देवेंद्र बैंक संबंधी काम का झांसा देकर 14 जून को दीप्ति को कोरबा ले गया था। वहां से रात करीब 10.30 बजे बलौदा होते हुए बिलासपुर लौट रहा था। इस दौरान साजिश के तहत ग्राम खिसोरा के पास फॉरेस्ट बैरियर पर टॉयलेट के बहाने गाड़ी रोक दी। वहां पहले से ही प्रदीप सोनी और शालू खड़े थे। देवेंद्र और शालू ने दीप्ति को गाड़ी के अंदर ही पकड़ लिया। इसके बाद प्रदीप ने रस्सी से उसका गला घोंट कर हत्या कर दी।

हत्या के बाद तीनों ने लूट की वारदात दिखाने के लिए कार में तोड़फोड की। इसके बाद प्रदीप और शालू को 40 हजार रुपए, लैपटॉप और दो मोबाइल पकड़ा कर बाइक से वापस भेज दिया। फिर पुलिस को सूचना देकर लूट और हत्या की कहानी सुना दी। पुलिस ने प्रदीप सोनी से वारदात में प्रयुक्त बाइक और शालू से कथित रूप से लूटे गए लैपटॉप और मोबाइल भी बरामद कर लिए हैं। हालांकि रुपयों को लेकर अभी तक कोई जानकारी सामने नहीं आई है। 

दरअसल, देवेंद्र सोनी उर्फ दीपक (30) एक CA के लिए काम करता है। उसने पुलिस को बताया था कि वह दीप्ति के साथ कार में कोरबा से लौट रहा था। रास्ते में पतोरा चौकी के पास फॉरेस्ट बैरियर पर रात करीब 10.30 बजे टॉयलेट करने के लिए गाड़ी से उतरा। इतने में दीप्ति के चीखने की आवाज सुनकर पहुंचा तो देखा कि 2 नकाबपोश गाड़ी में बैठे थे। एक ने दीप्ति के गले में पीछे से रस्सी डाल रखी थी। उसी दौरान 2 बदमाश और आ गए। पिस्टल दिखाकर लूट की।

TODAY छत्तीसगढ़ के WhatsApp ग्रुप में जुड़ने के लिए क्लिक करें   

दीप्ति की हत्या के लिए देवेंद्र ने अपने एक रिश्तेदार के घर खाना बनाने वाली शालू से मदद मांगी। शालू का पति प्रदीप चौकीदारी का काम करता है और उसे मिर्गी के दौरे आते हैं। देवेंद्र ने शालू को डेढ़ लाख रुपए का लालच दिया। इस पर शालू ने अपने पति प्रदीप को भी इस वारदात में शामिल करने के लिए मना लिया। घटना के बाद भी लौटते समय प्रदीप को मिर्गी का दौरा पड़ा था। जिसके कारण उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था।

दंपती की 7 साल की एक बेटी भी है। देवेंद्र उसे घर में ही छोड़कर गया था। बताया जा रहा है कि पिछले तीन साल से दीप्ति का अपने मायके वालों से कोई संपर्क नहीं था। देवेंद्र ने उनसे बातचीत और आना-जाना पूरी तरह से बंद करा दिया था। दीप्ति के परिजनों ने भी देवेंद्र पर हत्या करने का आरोप लगाया था। हालांकि देवेंद्र का कहना है कि दीप्ति के कई लोगों से अवैध संबंध थे, पर उसने अभी तक किसी का नाम नहीं बताया है। पुलिस ट्रेस करने का प्रयास कर रही है। 

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा