‘गूगल बॉय’ रुद्र को लोक भवन में मिला सम्मान


रायपुर ।
 TODAY छत्तीसगढ़  /  राज्यपाल रमेन डेका से आज लोक भवन में जिला दुर्ग के 6 वर्षीय 'गूगल बॉय ' रुद्र शर्मा ने अपने पालकों के साथ मुलाकात की।अपनी अद्भुत स्मरण शक्ति से उसने हैरान कर दिया। राज्यपाल श्री डेका से मुलाकात के दौरान रुद्र ने सामान्य ज्ञान और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े सवालों के सटीक उत्तर देकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

कक्षा पहली के छात्र रुद्र को यूपीएससी और पीएससी स्तर के प्रश्नों के उत्तर भी याद हैं। मुलाकात के दौरान राज्यपाल ने उससे छत्तीसगढ़ के गठन, राज्य की विशेषताओं और भारतीय संविधान से जुड़े प्रश्न पूछे, जिनका रुद्र ने बिना झिझक तुरंत सही जवाब दिया।

रुद्र की तेज स्मरण शक्ति और आत्मविश्वास से प्रभावित होकर राज्यपाल ने उसकी सराहना की। उन्होंने लोक भवन की ओर से रुद्र को प्रमाण पत्र प्रदान किया और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर रुद्र के माता श्रीमती पायल शर्मा के साथ उसके नाना श्री विनोद शर्मा भी उपस्थित थे, जिन्होंने उसकी उपलब्धि पर खुशी जाहिर की।

सुशासन तिहार बना समस्याओं के समाधान का सशक्त माध्यम : कौशिक


बिलासपुर।
 TODAY छत्तीसगढ़  /  मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण और शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से शुरू हुए सुशासन तिहार का जिले में आज हरदीकला से शानदार आगाज हुआ। बिल्हा ब्लॉक में आयोजित पहले जिला स्तरीय शिविर ने सुशासन की अवधारणा को धरातल पर उतारते हुए जनभागीदारी और त्वरित समाधान का सशक्त संदेश दिया। यह अभियान 01 मई से 10 जून 2026 तक जिलेभर में आयोजित किया जाएगा। शिविर में 394 आवेदन मिले, जिनमें 380 मांग और 14 शिकायतें हैं। मौके पर ही 240 आवेदनों का निराकरण कर लिया गया।

   शिविर में बिल्हा विधायक श्री धरमलाल कौशिक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती अनिता राजेंद्र शुक्ला, जनपद पंचायत अध्यक्ष डॉ. रामकुमार कौशिक, उपाध्यक्ष श्री विक्रम सिंह, सरपंच श्रीमती सरिता विष्णु साहू, कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ श्री संदीप अग्रवाल, अपर कलेक्टर श्री शिव कुमार बनर्जी, एसडीएम सुश्री आकांक्षा त्रिपाठी एवं जनपद सीईओ श्री कुमार लहरे सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। 19 गांवों से आए ग्रामीणों को शिविर का लाभ मिला।

   मुख्य अतिथि श्री धरमलाल कौशिक ने अपने उद्बोधन में कहा कि सुशासन तिहार शासन और जनता के बीच संवाद एवं विश्वास को मजबूत करने का अभिनव प्रयास है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में शासन की प्राथमिकता है कि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए भटकना न पड़े, बल्कि प्रशासन स्वयं उनके द्वार तक पहुंचे और मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में भी गांव-गांव पहुंचकर समस्याओं का समाधान करना सरकार की संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर योजनाओं का लाभ उठाएं। इस अवसर पर विधायक श्री कौशिक ने शिविर स्थल शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हरदीकला में शेड निर्माण के लिए 15 लाख रुपए की घोषणा की।

   जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी ने कहा कि सुशासन तिहार आमजन की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहा है, जहां प्राथमिकता के साथ निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने कहा कि शासन की मंशानुरूप योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यह शिविर केवल आवेदन प्राप्त करने तक सीमित नहीं है, बल्कि विभिन्न विभागों द्वारा मौके पर ही मार्गदर्शन, समाधान एवं लाभ वितरण सुनिश्चित किया जा रहा है। कार्यक्रम को जिला पंचायत सदस्य श्रीमती अनिता राजेंद्र शुक्ला, जिला पंचायत सीईओ श्री संदीप अग्रवाल तथा जनपद पंचायत अध्यक्ष डॉ. रामकुमार कौशिक ने भी संबोधित किया। शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा 129 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही लाभान्वित किया गया। 

शिविर में हरदीकला के गुरूकृपा महिला स्व सहायता समूह की दीदियों को 1 नग मछली जाल प्रदान किया गया। परिवहन विभाग द्वारा संतोष कुमार बंजारे, ओमप्रकाश साहू, क्षत्रीलाल श्रीवास को लर्निंग लाइसेंस का वितरण किया गया। श्रम विभाग की योजना मिनीमाता माता योजना के तहत ग्राम तेलसरा की प्रीति बंजारे एवं रहंगी की ऋतु धु्रव को 20-20 हजार रूपए की सहायता राशि का लाभ मिला। हरदीकला के कुंवरिया ध्रुव, आशीष पाण्डेय, छबी लाल श्रीवास, संतोष साहू, रामायण नेताम, लसराम यादव, हरीराम रजक एवं श्रवण कुमार ध्रुव, पंचराम ध्रुव को मनरेगा जॉब कार्ड का वितरण किया गया। 

  प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत आवास पूर्ण कर चुके हितग्राहियों गंगा बाई, रेखा गोड़, बच्चन बाई, कृष्णा बाई, गोदवरी वैष्णव, सुजीन साहू एवं मनोज साहू को आवास पूर्णता प्रमाण पत्र दिया गया। महिला बाल विकास विभाग द्वारा हरदीकला के यामिनी श्रीवास, अरमान बर्मन, फलक रजक, मोक्ष कौशिक, युवराज धु्रव को विद्या आरम्भ प्रमाण पत्र दिये गये एवं सुकन्या समृद्धि योजना अंतर्गत हरदीकला की शिवन्या रजक, कोरमी की आव्या घृतलहरे और बसिया के दुर्गेश्वरी यादव को पासबुक वितरण किया गया। सेवा सहकारी समिति मर्यादित सरवानी के जगदीश वाजपेयी को 3 लाख रूपये एवं भरतलाल धु्रव को 1 लाख रूपये का केसीसी ऋण वितरण चेक देकर लाभान्वित किया गया। विधायक श्री धरमलाल कौशिक ने अन्न प्राशन कार्यक्रम में शिशु आभास लहरे, क्रीतिका यादव, अनवी धु्रव का मुंह मिठाया करवाया। शिविर में मथुरा बाई, माया सूर्यवंशी, नेहा कौशिक एवं नसरीन बानो को उज्जवला योजना का लाभ मिला। आज अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस पर विधायक श्री कौशिक ने श्रमिक सुखीन साहू, बच्चन बाई यादव, पंचराम धु्रव, अशोक साहू एवं भरारी लाल कौशिक को सम्मानित भी किया गया। शिविर में हरदीकला क्षेत्र के प्रियंका रात्रे, नीता यादव सहित अन्य हितग्राहियों को राशनकार्ड का वितरण किया गया। शिविर में एक दर्जन से अधिक ग्रामीण किसानों को किसान किताब प्रदान किये गये। कृषि विभाग द्वारा 4 किसानों को 50 प्रतिशत अनुदान पर सिंचाई के लिए लपेटा पाइप वितरित किया गया। मुख्य अतिथि श्री कौशिक ने समाधान शिविर में छह श्रमिकों को श्रमिक दिवस के अवसर पर शाल और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया।

श्रमिक दिवस पर सुशासन तिहार में श्रमिक परिवारों को मिली आर्थिक सहायता


बिलासपुर ।
 TODAY छत्तीसगढ़  /  श्रमिक दिवस के अवसर पर आयोजित सुशासन तिहार के अंतर्गत श्रमिक परिवारों को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से आर्थिक सहायता प्रदान की गई। योजना से लाभान्वित हितग्राहियों के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई उन्होंने इस योजना का लाभ मिलने पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का आभार जताया।

  श्रम विभाग द्वारा मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना के तहत ग्राम रहंगी की कविता ध्रुव को 20 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। राशि प्राप्त होते ही कविता भावुक हो उठीं। उन्होंने बताया कि उनका परिवार रोजी-मजदूरी कर जीवनयापन करता है, ऐसे में यह सहायता उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इस राशि का उपयोग वह अपनी पढ़ाई में करेंगी। वर्तमान में वह 12वीं कक्षा की छात्रा हैं और यह सहयोग उनके भविष्य को सशक्त बनाने में सहायक होगा। इसी प्रकार ग्राम तेलसरा की प्रीति बंजारे को मिनीमाता महतारी जतन योजना के अंतर्गत 20 हजार रुपये का चेक दिया गया प्रीति के पति सूरज बंजारे ने बताया कि इस राशि का उपयोग बच्चों के पालन-पोषण एवं शिक्षा में किया जाएगा। हितग्राहियों ने इस सहयोग के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की ऐसी योजनाएं उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं।

जनगणना शुरू: घर-घर पहुंच रहे प्रगणक, जिले में 4 हजार से अधिक कर्मी जनगणना में जुटे


बिलासपुर।
 TODAY छत्तीसगढ़  /  राष्ट्रीय जनगणना कार्य का शुभारंभ आज से बिलासपुर सहित प्रदेश के सभी जिलों में हो गया। जनगणना के प्रथम चरण में हाउस लिस्टिंग का कार्य प्रारंभ किया गया है, जिसके अंतर्गत प्रगणक घर-घर पहुंचकर परिवारों से निर्धारित जानकारी एकत्रित कर रहे हैं। यह कार्य पूरे मई माह तक संचालित किया जाएगा।

     कलेक्टर एवं जिले के प्रमुख जनगणना अधिकारी संजय अग्रवाल ने आज बिल्हा तहसील के ग्राम हिर्री पहुंचकर जनगणना कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर प्रगणक श्रीमती अंजुबाला जायसवाल से घर के मुखिया की जानकारी डिजिटल माध्यम से दर्ज कराई। लगभग 5 मिनट में 33 बिंदुओं पर आधारित जानकारी ऑनलाइन पोर्टल में सफलतापूर्वक दर्ज की गई। जनगणना प्रक्रिया पूर्ण होने पर कलेक्टर ने घर के मुखिया श्री रामकृष्णा राजपूत को बधाई देते हुए कहा कि जनगणना देश के विकास और नीति निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि जनगणना कर्मियों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराकर सहयोग करें। 

        कलेक्टर श्री अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि जनगणना में दी गई सभी जानकारियां पूरी तरह गोपनीय रखी जाती हैं। व्यक्तिगत आंकड़ों को किसी व्यक्ति या संस्था के साथ साझा नहीं किया जा सकता तथा यह सूचना के अधिकार अधिनियम के तहत भी उपलब्ध नहीं कराई जाती। इन आंकड़ों का उपयोग केवल शासन की नीतियों एवं योजनाओं के निर्माण में किया जाता है। उल्लेखनीय है कि बिलासपुर जिले में जनगणना कार्य के लिए 4 हजार से अधिक अधिकारी-कर्मचारी तैनात किए गए हैं, जिनमें लगभग 3500 प्रगणक एवं 500 सुपरवाइजर शामिल हैं। इसके पहले पिछले 15 दिन तक लोगों ने स्वगणना कर जानकारी पोर्टल में दर्ज की। जिले में 6 हजार 677 लोगों ने स्व गणना का लाभ उठाया। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री संदीप अग्रवाल, अपर कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी श्री शिवकुमार बनर्जी, तहसीलदार एवं चार्ज अधिकारी श्री राजेंद्र भारत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com