बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / शहर के तोरवा थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। लालखदान ओवरब्रिज पर तेज रफ्तार कार चालाक ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति और ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।
हासिल जानकारी के अनुसार, मस्तूरी थाना अंतर्गत मल्हार चौकी क्षेत्र के ग्राम धनगवां निवासी रणजीत डहरिया अपनी पत्नी बिरस बाई डहरिया के साथ गुजरात से रोजी-रोटी कमाकर अपने गांव लौट रहे थे। दोनों रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात ट्रेन से बिलासपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे थे।
आज सोमवार सुबह करीब 5 बजे दोनों ने घर जाने के लिए रेलवे क्षेत्र से ऑटो (CG 10 AG 7221) किराए पर लिया। ऑटो जैसे ही लालखदान ओवरब्रिज पर पहुंचा, सामने से आ रही तेज रफ्तार कार (CG 04 BA 3294) के चालाक की लापरवाही के चलते ऑटो से जोरदार टक्कर हो गई । टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बिरस बाई डहरिया को मृत घोषित कर दिया। वहीं रणजीत डहरिया की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि ऑटो चालक को भी गंभीर चोटें आई हैं। जानकारी के अनुसार, ऑटो चालक के दोनों पैर टूट गए हैं। सूचना मिलने के बाद तोरवा पुलिस मौके पर पहुंची और कार चालक को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया ।



