घर में चल रहा था गांजे का कारोबार, पुलिस ने मारा छापा


बिलासपुर।
  TODAY छत्तीसगढ़  /  रतनपुर पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए गांजा बेचने वाले आरोपी  नीरज कुमार नेताम को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1.164 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई जा रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 21 मई 2026 को थाना रतनपुर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बरभाठा बेलतरा निवासी नीरज कुमार नेताम अपने घर में भारी मात्रा में गांजा रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी प्रशिक्षु आईपीएस अंशिका जैन ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और उनके निर्देश पर पुलिस टीम को कार्रवाई के लिए रवाना किया गया।

पुलिस टीम ने ग्राम बरभाठा बेलतरा पहुंचकर आरोपी के घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान घर से 1.164 किलोग्राम मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ।

भाजपा नेत्री दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग की हुई शिकार, आरोपी संजय सिंह फरार

बिलासपुर।  TODAY छत्तीसगढ़  /  शहर से भाजपा की एक महिला नेत्री के साथ दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने रांची निवासी कारोबारी संजय सिंह के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार पीड़िता सिविल लाइन थाना क्षेत्र की रहने वाली हैं और भाजपा की सक्रिय नेत्री बताई जा रही हैं। बताया जा रहा है कि वह विधानसभा कोटा से टिकट की दावेदारी भी कर रही थीं। महिला ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि करीब दो वर्ष पहले दिल्ली आने-जाने के दौरान उनकी मुलाकात रांची निवासी कारोबारी संजय सिंह से हुई थी। बातचीत के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। आरोप है कि कारोबारी ने माइनिंग कारोबार में बड़ा मुनाफा होने का भरोसा दिलाकर उन्हें निवेश के लिए तैयार किया। 

आपको बता दें कि भाजपा की इस नेत्री NGO भी चलाती है, सालों से उस NGO के माध्यम से महिला नेत्री सामाजिक कार्यों में बढ़चढ़कर हिस्सा लेती रही है। दुष्कर्म के मामले में पीड़िता का आरोप है कि कारोबारी ने भरोसे का फायदा उठाते हुए अलग-अलग किस्तों में करीब 2 करोड़ 50 लाख रुपये लिए। महिला का कहना है कि यह रकम आरटीजीएस और अन्य माध्यमों से आरोपी संजय सिंह को दी गई थी।

महिला ने आरोप लगाया कि पैसे वापस मांगने पर आरोपी ने उन्हें ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। साथ ही दुष्कर्म करने और दबाव बनाकर अवैध वसूली की कोशिश करने का भी आरोप लगाया गया है। मामला सामने आने के बाद राजनीतिक और कारोबारी हलकों में भी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। इस बीच ख़बर ये भी है कि आरोपी संजय सिंह रांची से फरार हो गया है, जिसकी सरगर्मी से तलाश जारी है। 

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

CM Helpline service के संचालन को लेकर अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण


बिलासपुर।
  TODAY छत्तीसगढ़  /  प्रदेश सरकार द्वारा शुरू की जा रही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन सेवा के प्रभावी संचालन को लेकर शुक्रवार को जिला स्तरीय अधिकारियों का एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। जल संसाधन परिसर स्थित प्रार्थना सभाकक्ष में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी शामिल हुए, जबकि जनपद स्तरीय अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से जुड़े।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में कलेक्टर संजय अग्रवाल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल तथा अपर कलेक्टर शिव कुमार बनर्जी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सेवानिवृत्त अधिकारी अशोक चौबे द्वारा दिया गया।

प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की कार्यप्रणाली, शिकायतों के पंजीयन, समय-सीमा में निराकरण, विभागीय जवाबदेही, मॉनिटरिंग व्यवस्था और शिकायतकर्ता फीडबैक प्रणाली की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों को बताया गया कि फिलहाल योजना टेस्टिंग मोड में है और मुख्यमंत्री जल्द ही इस सेवा को आम जनता को समर्पित करेंगे। प्रशिक्षण में यह भी बताया गया कि शिकायतकर्ता का फीडबैक पूरी व्यवस्था का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा होगा। इसलिए शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निराकरण पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है।

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन शासन की महत्वपूर्ण जनहितकारी पहल है, जिसके माध्यम से आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि हर शिकायत को गंभीरता, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ लिया जाए, ताकि लोगों को समय पर राहत मिल सके।

उन्होंने कहा कि शिकायतों का निराकरण केवल औपचारिकता न होकर ऐसा होना चाहिए, जिससे शिकायतकर्ता को वास्तविक संतुष्टि मिले और शासन के प्रति उसका विश्वास मजबूत हो। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन सेवा शुरू होने के बाद आम नागरिकों की शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया और अधिक सरल एवं प्रभावी हो सकेगी।

पति के दोस्त पर दुष्कर्म का आरोप, डर और धमकी के बीच चुप रही महिला


रायगढ़। 
 TODAY छत्तीसगढ़  / धरमजयगढ़ पुलिस ने महिला से दुष्कर्म के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पीड़िता ने 21 मई 2026 को थाना धरमजयगढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी।

पुलिस के मुताबिक पीड़िता का बयान महिला पुलिस अधिकारी द्वारा दर्ज किया गया। महिला ने बताया कि आरोपी दिनेश कौशिक ग्राम बोरो का रहने वाला है और उसके तथा उसके पति का परिचित है। पिछले करीब एक माह से दोनों के बीच बातचीत हो रही थी।

पीड़िता के अनुसार 6 मई की दोपहर आरोपी उसके घर पहुंचा। उस समय वह आंगन में नहा रही थी। आरोपी ने उसके पति के बारे में पूछा, जिस पर महिला ने बताया कि वह घर पर नहीं हैं। इसके बाद वह अपने कमरे में चली गई। आरोप है कि आरोपी उसके पीछे कमरे में पहुंचा, दरवाजा बंद कर जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाया और घटना किसी को बताने पर धमकी दी।

महिला ने लोकलाज के डर से किसी को घटना की जानकारी नहीं दी। आरोप है कि अगले दिन 7 मई को आरोपी ने फिर महिला को डरा-धमकाकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाया। बाद में पीड़िता ने 14 मई को अपने पति को पूरी घटना की जानकारी दी। शिकायत के आधार पर थाना धरमजयगढ़ में अपराध क्रमांक 145/2026 के तहत धारा 64(1) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी दिनेश कौशिक को उसके घर से गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com