रायगढ़। TODAY छत्तीसगढ़ / लैलूंगा पुलिस ने अपहरण के सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए 24 घंटे के भीतर अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर झारखंड से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दो स्कॉर्पियो वाहन भी जब्त किए हैं।
जानकारी के अनुसार शिवप्रसाद बंजारा निवासी मुड़ागांव रामनाथपुर ने थाना लैलूंगा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका 26 वर्षीय पुत्र रवि नारायण बंजारा को झारखंड से आए तीन युवक जबरन दो स्कॉर्पियो वाहनों में बैठाकर अपहरण कर ले गए हैं।
प्रार्थी ने बताया कि उसका पुत्र पूर्व में धान खरीदी-बिक्री के काम में झारखंड निवासी पवन साहू के साथ जुड़ा था। रिपोर्ट के मुताबिक 10 मई की दोपहर करीब 3:30 बजे आरोपी पवन साहू अपने साथी विष्णु साहू और नरेश उर्फ नरेंद्र साहू के साथ वाहन क्रमांक CG 14 MU 1197 एवं JH 01 DV 6413 से रवि नारायण बंजारा के घर पहुंचे। आरोपियों ने घर में जबरन घुसकर 12 लाख रुपये बकाया होने की बात कहते हुए रवि बंजारा के साथ मारपीट की और उसे जबरन वाहन में बैठाकर फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए शशि मोहन सिंह के निर्देशन में तत्काल विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए रांची, झारखंड में दबिश दी और अपहृत युवक को आरोपियों के कब्जे से सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त दोनों स्कॉर्पियो वाहनों को जब्त कर रायगढ़ लाया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया। प्रारंभिक जांच में अपहरण के पीछे व्यापारिक लेन-देन का विवाद सामने आया है। मामले में थाना लैलूंगा में धारा 140(2) और 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी-
1- पवन साहू पिता बलीराम 30 साल निवासी बोकोंदा थाना लापुंग जिला रांची, झारखंड।
2- विष्णु साहू पिता बलीराम 22 साल निवासी बोकोंदा थाना लापुंग जिला रांची, झारखंड।
3- नरेंद्र साहू पिता रमेश साहू उम्र 27 साल निवासी डिम्बा थाना लापुंग जिला रांची, झारखंड।





