ग्रामीणों को गवाँर कहकर मारपीट करना पड़ा भारी, कथित पत्रकार समेत चार गिरफ्तार


रायपुर। 
TODAY छत्तीसगढ़  / तेलीबांधा थाना पुलिस ने मैग्नेटो मॉल की पार्किंग में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट के मामले में कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना 9 मई की रात करीब 8:30 बजे की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार मैग्नेटो मॉल की पार्किंग में किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई। मामले में थाना तेलीबांधा पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर जुर्म दर्ज किया जिसमें अपराध क्रमांक 209/2026 के तहत रूपेश साहू के खिलाफ तथा अपराध क्रमांक 210/2026 के तहत रोहन नरवाल, सोमा देवांगन और गरिमा राजपूत के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की थी। पुलिस ने कल 11 मई सोमवार को सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। प्रकरण जमानतीय होने के कारण सभी आरोपियों को जमानत मुचलके पर रिहा कर दिया गया। 

हालांकि आरोपी रोहन नरवाल के खिलाफ पृथक से प्रतिबंधात्मक धाराओं में भी कार्रवाई की गई। पुलिस ने उसे विशेष कार्यपालिक मजिस्ट्रेट एवं सहायक पुलिस आयुक्त सिविल लाइन रायपुर के समक्ष पेश किया, जहां से न्यायालय के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया। रायपुर पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है। 

बर्तन दुकान में चल रहा था ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा, दो आरोपी गिरफ्तार


रायगढ़।
 TODAY छत्तीसगढ़  / जिला पुलिस द्वारा जुआ-सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत थाना पूंजीपथरा और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकदी रकम और मोबाइल फोन जब्त किए हैं।

जानकारी के अनुसार 11 मई को पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम गेरवानी में एक बर्तन दुकान के भीतर मोबाइल फोन के माध्यम से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दबिश देकर दो आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ लिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी श्याम कुमार अग्रवाल और सुरेश अग्रवाल मोबाइल फोन के जरिए रुपये-पैसों का हार-जीत आधारित ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित कर रहे थे। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने सट्टा खिलाना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपी श्याम कुमार अग्रवाल के कब्जे से तीन मोबाइल फोन और 17 हजार रुपये नगद तथा आरोपी सुरेश अग्रवाल के कब्जे से एक मोबाइल फोन और 1400 रुपये नगद बरामद किए। कुल 18 हजार 400 रुपये नकद और चार मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अलग-अलग स्थानों से मोबाइल फोन और बारकोड भुगतान प्रणाली के माध्यम से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा चलाते थे। सट्टे की रकम ग्राम गेरवानी निवासी रामफल अग्रवाल को नगद और डिजिटल भुगतान के जरिए पहुंचाई जाती थी। पुलिस टीम की दबिश के दौरान रामफल अग्रवाल मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 4 और 7 के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।


सिरगिट्टी और सिविल लाइन के थानेदार बदले गये, SSP ने जारी किया आदेश

बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़  / बिलासपुर पुलिस विभाग में प्रशासनिक दृष्टिकोण से दो निरीक्षकों के तबादले किए गए हैं। इस संबंध में पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर द्वारा आज आदेश जारी किया गया है।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार किशोर केंवट को थाना सिरगिट्टी से स्थानांतरित कर आगामी आदेश तक थाना सिविल लाइन में पदस्थ किया गया है। वहीं अभय सिंह बैस, जो अब तक नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा कार्यालय में पदस्थ थे, उन्हें थाना सिरगिट्टी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अभय सिंह बैस की जिम्मेदारी का सीएसपी कार्यालय सरकंडा में अब सुमंत राम साहू निर्वहन करेंगे। इस स्थानांतरण को प्रशासनिक कामकाज की रूटीन प्रक्रिया का हिस्सा माना जा रहा है, प्रशासनिक कसावट के अलावा थाना क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण के दृष्टिकोण से भी यह पदस्थापना महत्वपूर्ण मानी जा सकती है।  

पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। संबंधित अधिकारियों को नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।

आरक्षक ने सरकारी राइफल से खुद को मारी गोली, मौत


बीजापुर।
  TODAY छत्तीसगढ़  /  बीजापुर पुलिस के रक्षित केंद्र में पदस्थ आरक्षक दिलीप तेलम ने सोमवार रात अपनी सरकारी राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार घटना रात करीब 8:45 से 9 बजे के बीच की बताई जा रही है। बताया गया कि बीजापुर थाना के सामने अचानक लगातार दो गोलियां चलने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग और पुलिसकर्मी मौके की ओर दौड़े। मौके पर पहुंचने पर आरक्षक दिलीप तेलम बाइक पर मृत अवस्था में पड़े मिले। प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही है।

पुलिस के मुताबिक प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक कारणों से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है। कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com