Slider

रामलला के दरबार में चोरी से आहत श्रद्धालु करेंगे पदयात्रा, दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग

बिलासपुर में 11 को 'श्रीराम श्रद्धा पदयात्रा', अयोध्या की घटना के विरोध में रामभक्त होंगे एकजुट

TODAY छत्तीसगढ़  /  अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में हुई चोरी की घटना के विरोध में बिलासपुर में 11 जुलाई को 'श्रीराम श्रद्धा पदयात्रा' निकाली जाएगी। आयोजकों का कहना है कि यात्रा का उद्देश्य करोड़ों रामभक्तों की भावनाओं के प्रति एकजुटता प्रकट करना और घटना के दोषियों के खिलाफ त्वरित एवं कठोर कार्रवाई की मांग करना है।

आयोजकों के अनुसार, पदयात्रा 11 जुलाई को दोपहर 3 बजे तिलक नगर हनुमान मंदिर से शुरू होकर माँ महामाया मंदिर तक जाएगी।

श्रद्धा और आस्था को समर्पित होगी यात्रा

जारी प्रेस विज्ञप्ति में कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष विजय केशरवानी द्वारा कहा गया है कि श्रीराम जन्मभूमि मंदिर केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था, विश्वास और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक है। मंदिर में हुई चोरी की घटना से देशभर के श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुई हैं।

आयोजकों का दावा है कि बिलासपुर और आसपास के क्षेत्रों के अनेक लोगों ने भी मंदिर निर्माण में सहयोग दिया था और बड़ी संख्या में श्रद्धालु अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन कर चुके हैं।

दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग

आयोजकों ने शासन और संबंधित जांच एजेंसियों से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी भी धार्मिक स्थल की सुरक्षा और गरिमा से समझौता न हो।

श्रद्धालुओं से शामिल होने की अपील

पदयात्रा के आयोजकों ने जिले के संत-महात्माओं, सामाजिक संगठनों, व्यापारियों, युवाओं, महिलाओं और आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु यात्रा के निर्धारित मार्ग में अपने-अपने क्षेत्र से भी इसमें शामिल हो सकते हैं और माँ महामाया मंदिर तक यात्रा का हिस्सा बन सकते हैं।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com