Slider

बिहार की 39 सीटों पर NDA प्रत्याशियों का ऐलान, शत्रुघ्न का कटा टिकट

[TODAY छत्तीसगढ़] / 2019 लोकसभा चुनाव के लिए बिहार में एनडीए ने अपने 39 उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। एनडीए की जारी सूची में जहां बीजेपी के शत्रुघ्न सिन्हा का टिकट कटा है, वहीं गिरिराज सिंह को बेगूसराय से मैदान में उतारा गया है। एक सीट पर अभी नाम का ऐलान नहीं हुआ है। खगड़िया की यह सीट एलजेपी के खाते में है। उधर, महागठबंधन में तमाम रार के बाद सीटों का फॉर्म्युला तय जरूर हो गया है लेकिन अभी नामों की घोषणा बाकी है। माना जा रहा है कि अब एनडीए की लिस्ट आने के बाद महागठबंधन के उम्मीदवारों की सूची भी जल्द जारी होगी। 
पटना में एनडीए उम्मीदवारों की घोषणा हुई तो सबकी नजरें गिरिराज सिंह और बीजेपी के बागी शत्रुघ्न सिन्हा की सीट पर लगी थी। गिरिराज सिंह को पार्टी ने बेगूसराय से ही प्रत्याशी बनाया है। बता दें कि गिरिराज सिंह नवादा सीट से लड़ने के लिए अड़े हुए थे। हालांकि अब पार्टी ने उनके नाम की घोषणा कर दी है। उधर, शत्रुघ्न सिन्हा का टिकट कट गया है। पार्टी ने उनकी सीट पटना साहिब से अब केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद को टिकट दिया है। 
इसके अलावा प्रमुख चेहरो में पूर्वी चंपारण से बीजेपी ने केंद्रीय मंत्री राधा मोहन सिंह को उम्मीदवार बनाया है। वहीं सारण से राजीव प्रताप रूडी मैदान में होंगे। इसके अलावा प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष नित्यानंद राय को उजियारपुर से और बेगूसराय से आखिरकार मैदान में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह होंगे। एक सीट (खगड़िया) जिस पर उम्मीदवार का ऐलान नहीं हुआ है, वह एलजेपी के खाते में है। 
अब कांग्रेस का हाथ थाम सकते हैं शत्रुघ्न 
उधर, टिकट कटने के बाद माना जा रहा है कि शत्रुघ्न सिन्हा अब जल्द ही कांग्रेस का दामन थाम सकते हैं। इसकी पहले ही अटकलें थीं कि शनिवार को बिहार में बीजेपी उम्‍मीदवारों के ऐलान के बाद शत्रुघ्न सिन्‍हा इसका ऐलान कर सकते हैं। शत्रुघ्न सिन्‍हा के एक सहयोगी ने शुक्रवार को इस बारे में जानकारी देते हुए कहा था कि यह लगभग तय हो चुका है कि 24 या 25 मार्च को शत्रुघ्न जी कांग्रेस जॉइन कर लेंगे।' जब उनसे पूछा गया कि कांग्रेस में शामिल होने के पीछे क्‍या वजह है इस पर उनका जवाब था, 'कांग्रेस बेहतर विकल्‍प इसलिए है क्‍योंकि इससे शत्रुघ्न सिन्‍हा को राष्‍ट्रीय राजनीति में मौका मिलेगा।' 
17-17 सीटों पर लड़ रही हैं बीजेपी और जेडीयू 
बता दें कि एनडीए में सीट बंटवारे के फॉर्म्युले के तहत बीजेपी और जेडीयू 17-17 सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं एलजेपी के खाते में 6 सीटें हैं। इनपुट-नवभारत टाइम्स 
© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com