[TODAY छत्तीसगढ़] / बिलासपुर जिले के कानन पेंडारी जुलाजिकल गार्डन में 'शिखा' के दोनों शावकों को पर्यटक मार्च के बाद देख सकेंगे। कानन की बाघिन शिखा ने 11 नवंबर 2018 को दो शावकों को जन्म दिया था। शिखा के शावकों में एक नर और एक मादा है। कानन प्रबंधन की माने तो शिखा बाघिन और दोनों शावक स्वस्थ्य हैं। प्रबंधन द्वारा दी गई जानकारी के लिहाज से आज की तारीख में दोनों शावकों का वजन करीब 9 किलोग्राम है। शावकों को सीसीटीवी की निगरानी में पृथक इन्क्लोजर में रखा गया है।
इन शावकों को पर्यटकों के दीदार के लिए मार्च के बाद खुले इन्क्लोजर में रखा जाएगा। कानन में आये इन नए मेहमानों से मुखातिब होने के लिए सैलानियों को चंद महीने का इन्तजार और करना होगा।