Slider

छत्तीसगढ़ में : रमन बोले 11 सीटें जीतेंगे, भूपेश बोले उनका लक्ष्य हम पूरा करेंगे

[TODAY छत्तीसगढ़] / छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह आज दिल्ली से वापस राजधानी रायपुर लौट आये। रायपुर स्थित विमानतल पर डॉक्टर रमन का पार्टी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों ने आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉक्टर रमन सिंह ने मीडिया से अनौपचारिक चर्चा करते हुए बड़े ही विश्वास के साथ कहा भाजपा छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव  तैयारियों में जुट चुकी है। राज्य की सभी 11 लोकसभा सीटों पर भाजपा फतह करेगी। राज्य की 11 लोकसभा सीटें जीतने का लक्ष्य लेकर चुनावी रण में उतरने की बात कहते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने पार्टी अध्यक्ष अमित शाह का आभार जताया। उन्होंने कहा की पार्टी अध्यक्ष ने उन्हें भरोसे के साथ बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।  उन्होंने मीडिया के सवाल का जवाब देते हुए ये भी बताया की जल्द ही पार्टी राज्य में अध्यक्ष के नाम का खुलासा कर देगी।
इधर भाजपा उपाध्यक्ष रमन सिंह के बयान पर चुटकी लेते हुए राज्य के मुख्यमंत्री ने कहा ये बड़े आश्चर्य का विषय है की जो लक्ष्य लेकर भाजपा चुनावी मैदान में उतरती है उसे कांग्रेस पूरा कर रही है। विधानसभा चुनाव में भाजपा 65 + का लक्ष्य लेकर जनता के बीच थी लेकिन जनादेश कांग्रेस को मिला। छत्तीसगढ़ की जनता भाजपा के असल चेहरे से वाकिफ हो चुकी है। उन्होंने कहा की लोकसभा चुनाव में पूरी 11 सीटें जीतने का लक्ष्य भाजपा को मिला है, उस लक्ष्य को भी कांग्रेस पूरा करके दिखाएगी।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज एक ट्वीट के जरिये भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने ट्वीटर पर लिखा है कि विपक्ष लगातार शराबबंदी पर बयानबाजी कर रहा है। जिन लोगों ने धान के कटोरे को दारु का कटोरा बनाया वो ना जाने किस मुंह से शराबबंदी की बात कर रहें हैं। उन्होंने आगे लिखा है की सरकार शराबबंदी करेगी लेकिन नोटबंदी की तरह नहीं।




© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com