[TODAY छत्तीसगढ़] / राज्य के सक्ती डाकघर कार्यालय में अपने ही विभाग में पदस्थ कर्मचारी को चार्ज लेटर देने के नाम पर 10 हजार की रिश्वत लेते डाकघर कर्मी को सीबीआई की टीम ने रंगे हाथों पकड़ लिया है। मामला सक्ती डाकघर उप संभागीय कार्यालय का है।
विभागीय सूत्रों के अनुसार प्रार्थी सुमित तिवारी की डी एस ए बी पी एम पद पर चंद्रपुर क्षेत्र में नियुक्ति हुई थी लेकिन उसे कार्यभार ग्रहण करने चार्ज लेटर देने अधिकारी द्वारा राशि की मांग की जा रही थी । इसकी शिकायत सुमित ने सीबीआई से की थी। सीबीआई द्वारा ऑटो टेप रिकॉर्डिंग कराकर रायपुर से आई सीबीआई टीम के सदस्यों ने मंगलवार 18 दिसंबर को दोपहर केमिकल लगे हुए नोट प्रार्थी को दिए। मुख्य मेल ओवरशियर दशरथ सिंह आजाद को शहर के एक होटल में बुलवाया। रिश्वत की राशि लेते ही सीबीआई टीम ने दशरथ को पकड़ लिया। उसके पास से 10 हजार नगद बरामद कर हाथ धुलवाया गया हाथ में रंगीन केमिकल देखते ही उसे पकड़कर डाकघर लाकर पूछताछ शुरू की गई।
सीबीआई की टीम को दशरथ ने बताया कि उसको अधिकारी पंकज द्वारा सुमित से पैसा लेने कहा गया था। इस पर खुलासे के बाद सीबीआई की टीम ने पंकज पटेल की खोजबीन की पंकज पटेल के कोरबा में होने की जानकारी मिलने पर अफसरों की टीम रवाना हो गई। देर शाम को कोरबा से पंकज को पकड़कर सक्ती लाया गया दशरथ और पंकज से सीबीआई की टीम पूछताछ कर मामले को जल्द ही न्यायालय में प्रस्तुत करेगी।
