[TODAY छत्तीसगढ़] / छत्तीसगढ़ में मिले स्पष्ट जनादेश के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल ने आम आवाम का आभार व्यक्त करते हुए जीत का असली हकदार आम मतदाता को बताया है। उन्होंने छत्तीसगढ़ में मिले व्यापक जन समर्थन के लिए जनता के सहयोग और राज्य सरकार की जनहित विरोधी गतिविधियों पर एक बार फिर काफी कुछ कहा। उन्होंने कहा छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने इतिहास रच दिया है। ये इतिहास बिना जनता के आशीर्वाद के नहीं रचा जा सकता था। उन्होंने कहा ये जीत छत्तीसगढ़ की जनभावनाओं की जीत है।
उन्होंने राज्य में सत्ता परिवर्तन के लिए मिले जनसमर्थन के बाद कहा की इतनी अधिक सीट मिलेगी इसका आंकलन खुद उन्हें भी नहीं था। हाँ मतदान के पहले और बाद में ये तस्वीर साफ़ हो गई थी की जनता इस बार बदलाव के पक्ष में है। उन्होंने ये भी कहा कि छत्तीसगढ़ के इतिहास में पहली बार ऐसा हो रहा है, जब कोई पार्टी 55 सीट से अधिक जीत कर विपक्षी पार्टियों का पूर्ण सफाया कर रही है। इससे पहले 2003 और 2008 में भाजपा 50 सीटों के करीब थी, उस वक्त ये जीत बड़ी जीत कही जा रही थी। पीसीसी अध्यक्ष भूपेश बघेल ने कहा की कांग्रेस पिछले कुछ सालों से लगातार जनता की आवाज बनकर सरकार के खिलाफ सड़क की लड़ाई लड़ रही थी। जनता की उम्मीद पर पार्टी खरी उतरेगी साथ ही किसानों की कर्जमाफी का काम सबसे पहले निबटाया जाएगा।
भूपेश बघेल ने कहा भाजपा की कथनी-करनी में अंतर को जनता पहचान चुकी थी, जिस पार्टी और सरकार के खिलाफ हम लगातार लड़ रहे थे वो व्यक्तिगत आरोप और झूठे मामलों में पार्टी के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं को फंसाने लगी थी। यहां तक की मुझे खुद कई मामलों में फंसाया गया।

