मौर्य कॉम्प्लेक्स के पीछे चल रहा था जुए का फड़, पुलिस ने मारा छापा


बिलासपुर।
 TODAY छत्तीसगढ़  /  जिले में जुआ और सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सरकंडा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से ₹47,900 नकद और 52 पत्ती ताश बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार 24 मई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मौर्य कॉम्प्लेक्स के पीछे किसान पारा क्षेत्र में कुछ लोग ताश के पत्तों पर दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही सरकंडा थाना पुलिस की विशेष टीम ने मौके पर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने छह आरोपियों को रंगे हाथ जुआ खेलते गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों में देवेंद्र देवांगन, हरिओम साहू, दुर्गेश यादव, राजू सोनकर, गोवर्धन साहू और रितेश शर्मा शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹47,900 नकद और ताश की गड्डी जब्त की है। आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

बिलासपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि आसपास होने वाली जुआ, सट्टा या अन्य अवैध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस का कहना है कि सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

ब्रज आयरन एंड स्टील प्लांट में पकड़ी गई कोयला गड़बड़ी, कांग्रेस के राम गिरफ्तार


बिलासपुर। 
TODAY छत्तीसगढ़  / जिले में कोयला परिवहन और सप्लाई से जुड़ी बड़ी गड़बड़ी का मामला सामने आया है। उच्च गुणवत्ता का कोयला भेजने के नाम पर निम्न गुणवत्ता का कोयला सप्लाई किए जाने के आरोप में पुलिस ने एक डिपो संचालक को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार प्रार्थी आशीष केशरी निवासी पेंड्रा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह कोल परिवहन एवं लिफ्टिंग का कार्य करता है। वर्तमान में उसने एसईसीएल रामपुर खदान से ट्रेलर क्रमांक CG 12 S 8901 और CG 04 HX 4888 में जी-6 श्रेणी का उच्च गुणवत्ता वाला कोयला लोड कराकर ब्रज आयरन एंड स्टील लिमिटेड डिघोरा भेजा था।

प्लांट में पहुंचने के बाद केमिस्ट द्वारा कराई गई लैब जांच में कोयले की गुणवत्ता कम पाई गई। जहां कोयले का जीसीवी 5500 से 5800 होना था, वहीं परीक्षण में यह 4203 और 4220 जीसीवी निकला। इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस में की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा और नक्शा तैयार किया गया। यार्ड में मौजूद निम्न गुणवत्ता वाले कोयले का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया, जबकि दोनों ट्रेलरों और कोयले को जब्त कर लिया गया। जांच में डिपो संचालक और कांग्रेस नेता राम कुमार आर्य निवासी चकरभाठा के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर 24 मई को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

इधर हिर्री पुलिस ने कोयला व्यापारी आशीष केसरी से रंगदारी और धमकी देकर पैसे की उगाही करने वाले आरोपी अश्वनी कुमार साहू को त्वरित कार्रवाई करते हुए चंद घंटों में गिरफ्तार कर लिया गया है। कोयला कारोबार से जुड़े इन मामलों में संलिप्त दोनों आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

घर से लापता नाबालिग को ले जाकर दुष्कर्म, पुलिस ने आरोपी को दबोचा


बिलासपुर। 
TODAY छत्तीसगढ़  / बिल्हा थाना क्षेत्र में नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने और दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार प्रार्थी ने 23 मई को थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि उसकी नाबालिग बेटी 22 मई को बिना बताए घर से चली गई थी। अगले दिन डायल-112 से सूचना मिलने पर बालिका को थाना बिल्हा लाया गया। पूछताछ के दौरान नाबालिग ने बताया कि बिल्हा निवासी दीपक दास मानिकपुरी उसे ग्राम बरतोरी से बहला-फुसलाकर अपने घर ले गया था, जहां उसने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।

मामले की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपक दास मानिकपुरी (24 वर्ष) निवासी बिल्हा के रूप में हुई है। पूछताछ में अपराध सामने आने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर 24 मई को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

कबाड़ माफिया के आरोपी कुर्सी पर पैर रखकर पीते रहे चाय, दो पुलिसकर्मी लाइन अटैच


बिलासपुर। 
 TODAY छत्तीसगढ़  / छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ पुलिस कार्रवाई के बीच कोनी थाने से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामला उन दो आरोपियों से जुड़ा है जिन्हें कबाड़ कारोबार से संबंधित कार्रवाई में गिरफ्तार किया गया था। आरोप है कि पुलिस कस्टडी में होने के बावजूद उन्हें थाने में “वीआईपी ट्रीटमेंट” दिया गया।

जानकारी के मुताबिक 22 मई को पुलिस ने जिले में कई स्थानों पर दबिश देकर 40 संदिग्ध कबाड़ दुकानों और गोदामों को सील किया था। इसके अगले दिन कोनी पुलिस ने छोटी कोनी इलाके से करीब तीन क्विंटल अवैध कबाड़ जब्त कर दो लोगों अकबर खान और मंसूर बेग को गिरफ्तार किया। आरोप है कि दोनों आरोपियों को हवालात में रखने के बजाय थाने के मुंशी कक्ष में बैठाया गया, जहां उन्हें चाय-नाश्ता और ब्रांडेड पानी दिया गया। बताया जा रहा है कि एक आरोपी पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में आराम से कुर्सी पर पैर रखकर बैठा था। 

मामले को गंभीर मानते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने हेड कांस्टेबल बालेश्वर तिवारी और कांस्टेबल अनुज जांगड़े को लाइन अटैच कर दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और अनुशासनहीनता पाए जाने पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी। 


© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com